Edited By Kamini,Updated: 04 Jun, 2026 03:35 PM

मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा हाजीपुर के नजदीकी गांव बड़ालियां का डेरा (बेला सरियाणा) में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक करियाने की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई।
हाजीपुर (जोशी): एक दुकान में जबरदस्त धमाका होने से मौके पर हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा हाजीपुर के नजदीकी गांव बड़ालियां का डेरा (बेला सरियाणा) में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक करियाने की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
वहीं, दुकान में मौजूद गैस सिलेंडर फटने के कारण दुकान मालिक घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बड़ालियां का डेरा निवासी चानन सिंह पुत्र विशन दास गांव में ही करियाने की दुकान चलाता हैं। आज अचानक उसकी दुकान से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसी दौरान दुकान के भीतर रखा एक रसोई गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया, जिससे दुकान को भारी नुकसान पहुंचा।
धमाके की आवाज सुनकर और धुआं उठता देख भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग भयंकर थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना तुरंत मुकेरियां फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान और उसमें रखा लाखों का सामान पूरी तरह जल चुका था।
इस हादसे में दुकान मालिक चानन सिंह झुलस गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना से पीड़ित परिवार का रोजगार पूरी तरह छिन गया है। क्षेत्र के समाजसेवियों और ग्रामीणों ने सरकार व स्थानीय प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित दुकानदार की सुध ली जाए और उसे जल्द से जल्द उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here