Edited By Vatika,Updated: 10 Nov, 2026 12:25 PM

अमृतसर के जहाजगढ़ इलाके में कबाड़ मार्केट में अचानक भीषण आग लग गई।
अमृतसर: अमृतसर के जहाजगढ़ इलाके में कबाड़ मार्केट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वहां रखे पुराने टायर, गाड़ियां और अन्य कबाड़ का सामान इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, आग जहाजगढ़ इलाके में बस स्टैंड के पीछे और पेट्रोल पंप के नजदीक स्थित कबाड़ मार्केट में लगी। इस मार्केट में बड़ी मात्रा में पुराने टायर, गाड़ियां, इंजन, जनरेटर और लकड़ी का पुराना सामान रखा हुआ था। ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने कुछ ही देर में भयानक रूप ले लिया। मौके पर पहुंचे थाना बी-डिवीजन के सब-इंस्पेक्टर तेजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना करीब दो घंटे पहले मिली थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड की कम से कम 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
इनमें से 4 से 6 गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया गया, जबकि 2 गाड़ियों को स्टैंडबाय पर रखा गया था। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग को आसपास के इलाकों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का पता नहीं चल पाया है।