Edited By Kamini,Updated: 30 May, 2026 03:22 PM

पंजाब के फगवाड़ा में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सूचना का अधिकार (RTI) कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर गईं चेहड़ू में LPU लॉ गेट के पास हत्या कर दी गई है।
फगवाड़ा (जलोटा): पंजाब के फगवाड़ा में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सूचना का अधिकार (RTI) कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर गईं चेहड़ू में LPU लॉ गेट के पास हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस विभाग इस मामले को लेकर पूरी तरह से सतर्क हो गया है और दोषियों की तलाश में जुट गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने खुद कमान संभाली है और मीडिया को इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की है।
डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि कपूरथला के कंट्रोल रूम को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना सतनामपुरा के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में एक अज्ञात शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस की विशेष टीमों को घटना स्थल पर रवाना किया गया। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो शव की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान शव की पहचान जालंधर निवासी और आरटीआई कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह के रूप में हुई। मृतक के शरीर पर पिस्तोल की गोली के निशान पाए गए हैं, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उनकी हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से गोली मारकर की गई है।

पुलिस को घटनास्थल की तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण सुराग और हथियार भी बरामद हुए हैं। डीआईजी के अनुसार, शव के पास से एक .32 बोर की पिस्तौल बरामद की गई है। इसके अलावा, घटना स्थल पर मौजूद एक फॉर्च्यूनर गाड़ी की जब सघन तलाशी ली गई, तो उसमें से .12 बोर की एक राइफल भी पुलिस के हाथ लगी है। इन हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस मामले की हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है।
पुलिस ने हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीआईजी नवीन सिंगला ने आश्वासन दिया है कि इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। अपराधियों को पकड़ने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है, जिसके तहत घटना स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही मोबाइल टावर डंप डेटा का भी बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है ताकि घटना के समय वहां मौजूद संदिग्धों की लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वे इस मामले में काउंटर इंटेलिजेंस टीम की भी मदद ले रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here