Edited By Vatika,Updated: 12 Aug, 2026 02:55 PM

पंजाब के CM भगवंत मान ने बुधवार को जगतार सिंह हवारा की पैरोल को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात
चंडीगढ़: पंजाब के CM भगवंत मान ने जगतार सिंह हवारा की पैरोल को लेकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। हवारा पूर्व CM बेअंत सिंह हत्याकांड में दोषी है और फिलहाल दिल्ली की जेल में बंद है।
पंजाब सरकार लेगी जिम्मेदारी
CM मान ने कहा कि हवारा की मां की तबीयत ठीक नहीं रहती और वह अपने बेटे से मिलना चाहती हैं। इसी मानवीय आधार पर सरकार ने 10 दिन की पैरोल की मांग की है। मान ने कहा कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी लेगी। पैरोल के दौरान किसी तरह की हुड़दंगबाजी या प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा। पैरोल पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार की ओर से लिया जाएगा। राज्यपाल ने मामले में केंद्र से बात करने का आश्वासन दिया है।
कौन है जगतार सिंह हवारा?
जगतार सिंह हवारा पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले का रहने वाला है। उसका नाम 1995 में तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में सामने आया था। 1995 में लुधियाना के घंटाघर चौक में हुए बम धमाके में 24 लोग घायल हुए थे व पुलिस ने विनोद कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर 23 दिसम्बर 1995 को हवारा को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जगतार सिंह हवारा के अलावा अन्य आरोपी बिक्रमजीत सिंह निवासी खुमानो, परमजीत सिंह भिओरा, बलविंदर सिंह निवासी रोपड़, प्रीतम सिंह आदि को भी इसमें नामजद किया था। तत्कालीन अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुनील कुमार की अदालत ने बिक्रमजीत सिंह को बरी कर दिया था, जबकि बलविंदर सिंह व प्रीतम सिंह को पहले ही भगौड़ा करार दिया जा चुका है। पुलिस ने जगतार सिंह हवारा से पूछताछ के दौरान कुन्दनपुरी क्षेत्र में बुड्ढे नाले के निकट हवारा से 5 किलो आर.डी.एक्स., एक ए.के.-56, 60 कारतूस, एक रिमोट कंट्रोल व एक वाकी टाकी वायरलैस सैट की बरामदगी होने का दावा किया था। रिपोर्टों के अनुसार, उसने अन्य कैदियों के साथ मिलकर जेल के नीचे सुरंग बनाई थी। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। फिलहाल हवारा की पैरोल पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।