Edited By Vatika,Updated: 10 Nov, 2026 02:39 PM

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं।
चंडीगढ़: पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने प्रदेश के लोगों से जुड़ने के लिए साइकिल यात्रा शुरू करने का ऐलान किया है। वह रोजाना करीब 40 से 50 किलोमीटर साइकिल चलाकर अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे और लोगों से सीधे बातचीत करेंगे।
चन्नी ने बताया कि 12 नवंबर को श्री चमकौर साहिब से 'जवानी संभाल साइकिल यात्रा' शुरू की जाएगी। इसका उद्देश्य पंजाब को नशों, गैंगस्टरवाद, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से मुक्त करवाना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान युवाओं, किसानों, पूर्व सैनिकों और महिलाओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने जाएंगे। चन्नी के मुताबिक, इस मुहिम से करीब 2500 लोग जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने के लिए उन्हें रोजगार और कारोबार के अवसर देना जरूरी है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मौजूदा सरकारी सुविधाएं जारी रखने के साथ युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर भी काम किया जाएगा।
गरीबी से मुख्यमंत्री बनने तक का सफर किया याद
चन्नी ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए बताया कि वह गांव से करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाते थे। बाद में उन्होंने साइकिल से स्कूल जाना शुरू किया। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने की आदत उन्हें बचपन से है। अपने परिवार के पारंपरिक कामों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि टेंट लगाने और बकरियां पालने जैसे काम उनके परिवार का हिस्सा रहे हैं। गरीबी से आगे बढ़ने वाले व्यक्ति को अपनी जड़ों को कभी नहीं भूलना चाहिए।