Edited By Kalash,Updated: 06 Sep, 2026 02:15 PM

BSNL के बुनियादी ढांचे का कथित दुरुपयोग कर सरकारी कंपनी को करोड़ों का नुकसान पहुंचाने के मामले में एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है।
चंडीगढ़ (सुशील): BSNL के बुनियादी ढांचे का कथित दुरुपयोग कर सरकारी कंपनी को करोड़ों का नुकसान पहुंचाने के मामले में एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED चंडीगढ़ ने मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तत्कालीन SMSC स्वर्णजीत सिंह सहित अन्यों से संबंधित 1.50 करोड़ रुपये की कीमत वाली 7 अचल जायदादों को अस्थाई तौर पर कुर्क किया है। इनमें S.A.S. नगर (मोहाली) की खेतीबाड़ी जमीन और गुजरात के वडोदरा की रिहायश और कमर्शियल प्रॉपर्टी शामिल हैं।
ED की जांच के अनुसार स्वर्णजीत सिंह ने सौरभ त्यागी, मार्कोनी जेम्स मैकइवान और प्रीति गोहिल के साथ कथित साजिश रच कर BSNL के SMSC के बुनियादी ढांचे तक अनाधिकारिक पहुंच मुहैया करवाई। इसके जरिए जरूरी DLT/टेम्पलेट प्लेटफॉर्म और निर्धारित बिलिंग प्रणाली को कथित तौर पर दरकिनार करके बल्क SMS ट्रैफिक रूट किया गया। इस मामले की जांच सी.बी.आई. की ACB चंडीगढ़ द्वारा स्वर्णजीत सिंह, मेसर्स डोरस्टेप्स सॉल्यूशंस और अन्यों के खिलाफ दर्ज FIR के आधार पर शुरू की थी। इससे पहले 27 मार्च, 2025 को भी ED द्वारा 80 लाख रुपये की जायदाद अस्थाई तौर पर कुर्क की जा चुकी है।
63.37 करोड़ मैसेज ने खोली गड़बड़ की पोल
ED के मुताबिक करीब 63.37 करोड़ बल्क पुश SMS गैर-कानूनी तरीके से भेजे गए थे। इसकी वजह से BSNL को करीब 5.42 करोड़ रुपये का माली नुकसान हुआ, जिसमें करीब 4.05 करोड़ रुपये इंटरकनेक्शन यूजर फीस के शामिल थे। जांच में ये भी सामने आया कि मेसर्स स्मार्ट टेक्नोलॉजी/मेसर्स डोरस्टेप्स सॉल्यूशंस और उनके साथियों ने मार्केट रेट से कम रेट पर कथित अनाधिकारिक बल्क SMS सेवाओं का लाभ लेकर वित्तिय फायदा हासिल किया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here