Edited By Kamini,Updated: 16 Oct, 2026 02:58 PM

पंजाब में नशा बेचने का विरोध करने पर व्यक्ति की मौत के मामले में BJP नेता परमिंदर बराड़ का बयान सामने आया है।
पंजाब डेस्क : पंजाब में नशा बेचने का विरोध करने पर युवक की मौत के मामले में BJP नेता परमिंदर बराड़ का बयान सामने आया है। युवक बिक्रमजीत सिंह की मौत पर भड़के परमिंदर बराड़ ने Live होकर पंजाब में हो रही वारदातों पर खरी-खोटी सुनाई है। उन्होंने कहा कि, अभी तक परमिंदर सिंह झोटा की हत्या का पंजाब के लोग इंसाफ मांग रहे हैं। बीते दिन पंजाब बंद के दौरान झोटा हत्या में इंसाफ के लिए संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ था कि, एक और वारदात हो गई। थाना श्री हरगोबिंदपुर के अंतर्गत आने वाले गांव माड़ी पन्नवां में देर रात नशा बेचने का विरोध करने पर 3 पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।
आपको बता दें कि, गांव माड़ी पन्नवां में देर रात हुई झड़प के दौरान तेजधार हथियारों से हमला किए जाने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह पुत्र तरसेम सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायलों की पहचान निशान सिंह पुत्र अमरजीत सिंह (35) और गुरमुख सिंह पुत्र परमजीत सिंह (35) के रूप में हुई है। घटना में 10 से 15 लोगों द्वारा हमला किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं, इस घटना को लेकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
नशे के मुद्दे से घटना जुड़ी होने की भी चर्चा
गांव में हुई इस घटना को लेकर यह भी चर्चा है कि तीनों युवक कथित तौर पर नशा बेचने वालों को रोकने के लिए गए थे। इसी दौरान उनका दूसरे पक्ष के साथ विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। हालांकि, घटना के पीछे असल कारण क्या था और झगड़ा किन परिस्थितियों में हुआ, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गांव के सरपंच सुरिंदरपाल सिंह बाजवा के अनुसार, 10 से 15 लोगों ने तीनों पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), भाम ले जाया गया। वहां डॉ. अभिषेक ने बताया कि तीनों व्यक्ति घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के दौरान बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस द्वारा जांच जारी
घटना के संबंध में थाना श्री हरगोबिंदपुर के एसएचओ सुखजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान घटना के कारणों, झगड़े में शामिल व्यक्तियों और हमले को लेकर लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जाएगी। पुलिस जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here