Edited By Kalash,Updated: 21 Oct, 2026 11:13 AM

गांव संगतपुर अड्डे में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सिर्फ 500 रुपये के लिए कुछ असामाजिक और नशेड़ी युवकों ने दुकान में घुसकर एक व्यक्ति पर तलवारों और तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
फगवाड़ा (जलोटा): गांव संगतपुर अड्डे में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सिर्फ 500 रुपये के लिए कुछ असामाजिक और नशेड़ी युवकों ने दुकान में घुसकर एक व्यक्ति पर तलवारों और तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग गए, जिसके बाद खून से लथपथ पीड़ित को तुरंत इलाज के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में इलाज करवा रहे पीड़ित तरलोक सिंह निवासी गांव चक्क प्रेमा ने बताया कि वह गांव संगतपुर अड्डे पर ‘मेजर टेंट हाउस’ नाम से दुकान चलाता है। उसने बताया कि जब वह अपनी दुकान पर अकेला बैठा था, तो पास के गांव बेगमपुर के कुछ नशेड़ी युवक उसकी दुकान पर आए और जबरदस्ती 500 रुपये मांगने लगे। जब उसने पैसे देने से साफ मना कर दिया, तो वे उसके साथ गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। इसके कुछ देर बाद ही आरोपी अपने 7-8 साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर वापस आ गए। उनके हाथों में धारदार हथियार, तलवारें और खंडे थे। आरोपियों ने दुकान में घुसकर तरलोक सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया और उसे लहूलुहान कर दिया।
पीड़ित के भाई सतनाम सिंह ने बताया कि नशेड़ियों का आतंक इतना बढ़ गया है कि अब मेहनत की कमाई से गुजारा करना भी मुश्किल हो गया है। आरोपियों ने बिना किसी पुरानी दुश्मनी के तरलोक सिंह पर सिर्फ 500 रुपये न देने पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना के समय दुकान में लगे CCTV कैमरों में हमलावरों की पूरी हरकत कैद हो गई, जिसमें दोषियों की पहचान हो सकती है। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गांव में नशा बेचने और सेवन करने वाले ऐसे अपराधियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित को न्याय दिया जाए ताकि भविष्य में कोई और बेगुनाह ऐसे जानलेवा हमलों का शिकार न हो।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here