Edited By Urmila,Updated: 16 Oct, 2026 12:22 PM

फगवाड़ा में लुटेरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। जानकारी अनुसार यहां पर दिन ढलते ही एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।
फगवाड़ा (जलोटा): फगवाड़ा में लुटेरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। जानकारी अनुसार यहां पर दिन ढलते ही एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है जहां बेखौफ लुटेरों ने एक सर्राफा कारोबारी को रास्ते में घेरकर उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और लाखों रुपये की नकदी व भारी मात्रा में सोना लूटकर मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है जबकि व्यापारिक वर्ग में भारी रोष व्याप्त है।
पीड़ित कारोबारी की पहचान गुरजीत सिंह वासी मनसा देवी नगर, फगवाड़ा के रूप में हुई हैं। गुरजीत सिंह पास के ही गांव पलाही में 'दया ज्वैलर्स एंड संस' नाम से सुनार व मनी चेंजर की दुकान चलाते हैं। घटना वाले दिन शाम लगभग पौने छह बजे वह अपनी दुकान बंद करके रोज की तरह एक्टिवा पर सवार होकर फगवाड़ा स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह गुरु रविदास मिशन अस्पताल के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर आए तीन से चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी एक्टिवा को सीधी टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक कार सवार नकाबपोश लुटेरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। एक्टिवा को टक्कर मारते ही लुटेरे गाड़ियों से उतरे और पिस्टल तानकर गुरजीत सिंह को धमकाने लगे। इससे पहले कि पीड़ित संभल पाता लुटेरों ने उस पर तेजधार हथियारों व बेसबॉल बैट से जानलेवा हमला कर दिया और उसके सिर पर गंभीर वार किए।
लुटेरों ने गुरजीत सिंह को खून से लथपथ हालत में सड़क पर छोड़ दिया और उनके पास मौजूद बैग, जिसमें लगभग 5 से 7 लाख रुपये की नकदी तथा 10 से 12 तोले सोने के आभूषण थे लूट लिए। इसके साथ ही लुटेरे उनके हाथ में पहनी सोने की अंगूठियां और मोबाइल फोन भी छीनकर बड़ी तेजी से फरार हो गए।
इस वारदात से आक्रोशित पीड़ित के भाई सुखविंदर सिंह तथा स्थानीय सर्राफा कारोबारियों ने पुलिस प्रशासन से शहर में बढ़ती लूटपाट की घटनाओं पर तुरंत नकेल कसने की मांग की है। इसके साथ ही कारोबारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें आत्मरक्षा हेतु हथियार लाइसेंस जारी करने की पुरजोर मांग उठाई गई है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस जांच का दौर जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here