Edited By Kalash,Updated: 05 Aug, 2026 12:40 PM

छेहरटा के खंडवाला क्षेत्र स्थित न्यू मॉडल टाऊन में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है।
अमृतसर (जशन): छेहरटा के खंडवाला क्षेत्र स्थित न्यू मॉडल टाऊन में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर अपनी ही सगी बहन पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगा है। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पीड़िता की पहचान मुंबई निवासी नवदीप कौर के रूप में हुई है। हमले में उसकी एक टांग में कई जगह फ्रैक्चर हो गया, जिसके चलते उसका ऑप्रेशन किया गया। फिलहाल वह अस्पताल में उपचाराधीन है।
बताया जा रहा है कि जैसे ही नवदीप कौर घर से बाहर निकली, उसी समय एक कार वहां आकर रुकी। कार से उसके पिता और छोटा भाई बाहर निकले। आरोप है कि इसके तुरंत बाद छोटे भाई ने लोहे की रॉड से उस पर लगातार हमला कर दिया। सी.सी.टी.वी. फुटेज में युवती खुद को बचाने का प्रयास करती और दर्द से चीखती हुई दिखाई दे रही है। आरोप यह भी है कि मौके पर मौजूद पिता ने बीच-बचाव नहीं किया। बाद में परिवार की एक महिला के बाहर आने पर आरोपी वहां से फरार हो गया।
पीड़िता के बड़े भाई मनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि नवदीप कौर मुंबई से उनसे मिलने अमृतसर आई थी। जब वह उनके घर से अपने ससुराल जाने के लिए निकली, तभी छोटे भाई ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि हमले में उसके हाथ-पैरों पर गंभीर चोटें आईं और एक टांग दो स्थानों से टूट गई।
मनदीप सिंह का आरोप है कि घटना के पीछे पारिवारिक संपत्ति का विवाद है। उनके अनुसार छोटा भाई पूरी जायदाद अपने नाम करवाना चाहता है और इसी विवाद को लेकर पहले भी कई बार मारपीट और झगड़े हो चुके हैं। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना छेहरटा के एस.एच.ओ. बलविंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। कुछ लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं तथा सी.सी.टी.वी. फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here