Edited By Urmila,Updated: 02 Jun, 2026 01:54 PM

बरनाला में नगर निगम चुनाव में हुई धांधली को लेकर अकाली दल ने हाई कोर्ट में याचिका डाल दी है।
पंजाब डेस्क : बरनाला में नगर निगम चुनाव में हुई धांधली को लेकर अकाली दल ने हाई कोर्ट में याचिका डाल दी है। जानकारी के लिए बता दें कि बरनाला में नगर निगम चुनाव के नतीजों के बाद स्थानीय राजनीतिक माहौल में भारी गरमाहट आ गई है। शिरोमणि अकाली दल ने स्थानीय प्रशासन और सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर चुनाव में बड़े पैमाने पर हेराफेरी और धांधली करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। अकाली दल ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और चुनाव से जुड़े अहम रिकॉर्ड को सार्वजनिक करने की मांग की है।
अकाली दल के जिला अध्यक्ष यादविंदर सिंह, रुपिंदर सिंह संधू, संजीव शोरी, कुलवंत सिंह और तेजइंदर सिंह जागल ने पत्र में दावा किया है कि चुनाव मैदान में उनके 27 उम्मीदवार उतरे थे। उन्हें पुख्ता सूत्रों से जानकारी मिली है कि वोटों की गिनती और संभाल के दौरान असली बैलेट पेपरों को बक्सों से निकालकर उनकी जगह सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में मोहर लगे नए बैलेट पेपर डाल दिए गए।
अकाली नेताओं ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए प्रशासन से वार्ड-वाइज रिलीज किए गए कुल बैलेट पेपरों, इस्तेमाल हुए वोटों और बचे हुए खाली बैलेट पेपरों का पूरा ब्यौरा मांगा है। इसके साथ ही उन्होंने बैलेट पेपरों पर सीरियल नंबर होने की स्थिति को भी साफ करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अकाली दल ने 26 मई से 29 मई की सुबह तक स्ट्रांग रूम की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग और विभिन्न पोलिंग स्टेशनों की वोटिंग फुटेज की कॉपी मांगी है ताकि सुरक्षा में हुई सेंधमारी का सच सामने आ सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here