Edited By Subhash Kapoor,Updated: 16 Aug, 2025 05:59 PM

चंडीगढ़ पुलिस द्वारा आप पार्षद के पति को गिरफ्तार किए जाने की सूचना है।
चंडीगढ़ : चंडीगढ़ पुलिस द्वारा आप पार्षद के पति को गिरफ्तार किए जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि सेक्टर-25 में वीरवार देर रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान हंगामा हो गया, जब आप पार्षद पूनम के पति पुलिस से भिड़ गया। पूरे घटनाक्रम ने न केवल पुलिस को कार्रवाई के लिए मजबूर किया, बल्कि एक बार फिर से आप पार्षद पूनम के पति संदीप कुमार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सुर्खियों में ला दिया।
दरअसल, देर रात चंडीगढ़ पुलिस नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने सेक्टर-25 निवासी राहुल को उसकी मोटरसाइकिल समेत रोककर पूछताछ की। तभी मौके पर पहुंचे संदीप कुमार ने अचानक पुलिस टीम से उलझना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस गरीबों को परेशान कर रही है और यहां नाका नहीं लगाया जा सकता। इतना ही नहीं, संदीप ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर नशे की हालत में होने तक का गंभीर आरोप जड़ दिया। मौके पर हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने तुरंत थाना स्तर पर सूचना दी और अतिरिक्त टीम बुला ली। इसके बाद संदीप को काबू कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि उक्त पार्षद का पति पहले भी हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। इसके अलावा उसकी पत्नी और वर्तमान में आप पार्षद पूनम ने भी उस पर घरेलू हिंसा और अवैध संबंधों के आरोप लगाए थे। उस समय भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। इस तरह से संदीप कुमार का ताजा विवाद न सिर्फ पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती है बल्कि आप पार्षद पूनम की राजनीतिक छवि पर भी असर डाल सकता है।