Edited By Urmila,Updated: 05 Oct, 2026 02:18 PM

जलालाबाद शहर में गुंडागर्दी और आपराधिक वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीती रात शहर में गुंडागर्दी का नंगा नाच उस समय देखने को मिला।
जलालाबाद (बजाज): जलालाबाद शहर में गुंडागर्दी और आपराधिक वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीती रात शहर में गुंडागर्दी का नंगा नाच उस समय देखने को मिला जब करीब 11 बजे एक 15 वर्षीय युवक को 10 से 12 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अगवा कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं द्वारा युवक की बेरहमी से पिटाई की गई और पुलिस की तुरंत कार्रवाई के कारण आरोपी उसे सड़क किनारे फेंककर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित के पिता कुलवंत सिंह, जो एक भट्ठे पर मुंशी का काम करते हैं और गांव थारेवाला उताड़ के रहने वाले हैं, ने बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा रशपाल सिंह अपने दोस्त दलजीत सिंह के मोटरसाइकिल पर सवार होकर जलालाबाद के मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम में हो रहे कार्यक्रम में हिस्सा लेने गया था। रात को वापस लौटते समय 10 से 12 अज्ञात व्यक्तियों ने उसे ज़बरदस्ती 7 सीटर कार में बिठा लिया। अपहरणकर्ता उसे पक्की नहरों के पास ले गए, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इसके बाद आरोपी उसे बाहमणी वाला स्टेडियम और डिब्बीपुरा गांव के इलाके में घुमाते रहे। कुलवंत सिंह के अनुसार, अपहरणकर्ताओं की मंशा लड़के को मारकर नहर में फेंकने की थी।
जब रशपाल देर रात तक घर नहीं पहुंचा, तो परिवार ने तुरंत स्थानीय थाना सिटी में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बताया कि उन्होंने टीमें गठित करके अपहरणकर्ताओं का पीछा करना शुरू कर दिया। रात करीब 3 बजे जब अपहरणकर्ताओं को पता चला कि पुलिस उनके बहुत करीब पहुंच चुकी है, तो वे पकड़े जाने के डर से रशपाल सिंह को सड़क के किनारे फेंककर फरार हो गए। कुलवंत सिंह ने बताया कि अपहरणकर्ताओं के पास कापे और अन्य तेज़धार हथियार थे। युवक की हालत गंभीर होने और अधिक चोटें लगने के कारण वह बेहोश है। जलालाबाद के सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पिता के अनुसार लड़के के होश में आने के बाद ही अपहरण के असल कारणों का पता लग सकेगा, जबकि निजी स्तर पर की गई जांच में 3 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान हुई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here