Edited By Kalash,Updated: 05 Sep, 2026 04:28 PM

स्थानीय कजला रोड पर एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 2 नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने एक गरीब प्रवासी मजदूर को निशाना बनाकर चाकू की नोक पर उसकी मेहनत की कमाई लूट ली।
बंगा (राकेश): स्थानीय कजला रोड पर एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 2 नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने एक गरीब प्रवासी मजदूर को निशाना बनाकर चाकू की नोक पर उसकी मेहनत की कमाई लूट ली। उत्तरप्रदेश का मूल निवासी राम मूर्ति, जो वर्तमान में बंगा के पास स्थित गांव खटकड़ खुर्द में अपने परिवार के साथ रहता है, रोज की तरह अपने रिक्शे पर सब्जियां बेचकर अपने परिवार का पेट पाल रहा था। 1 सितम्बर को जब वह सब्जी बेचने के लिए गांव कजला की तरफ बढ़ रहा था, तभी एक धार्मिक स्थल के पास मोटरसाइकिल पर आए 2 नकाबपोश युवकों ने उसे रोका।
शुरूआत में लुटेरों ने सब्जी खरीदने के बहाने राम मूर्ति से प्याज का भाव पूछा और 5 किलो प्याज तौलने को कहा। जैसे ही मजदूर उनके करीब आया, बदमाशों ने अचानक उस पर धारदार चाकू तान दिया। जान बचाने की नीयत से जब राम मूर्ति वहां से भागने लगा, तो लुटेरों ने उसे जबरन दबोच लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने उसके कपड़े तक फाड़ डाले और उसकी पैंट की जेब में रखे लगभग 18 से 20 हजार रुपए छीनकर मौके से फरार हो गए।
लूट की इस बड़ी वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस से सम्पर्क करने की कोशिश की। आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल न लगने के कारण उसने 100 नंबर पर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे गांव हपोवाल की दिशा में भाग निकले। पीड़ित प्रवासी मजदूर ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए लुटेरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने और उसकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here