पुलिस हिरासत में लाया गया युवक गाड़ी से कूदकर भागा! मची भगदड़

Edited By Kamini,Updated: 08 Aug, 2026 01:39 PM

young man ran away police custody

थाना सुल्तानपुर लोधी के अधीन आने वाली पुलिस चौकी मोठांवाला में उस समय हंगामे जैसे हालात बन गए, जब चोरी के एक कथित मामले में पूछताछ के लिए लाया गया युवक हिरासत से लापता हो गया। युवक की पहचान साहिल कुमार उर्फ बिल्ली निवासी गांव मोहब्बलीपुर (सुल्तानपुर...

सुल्तानपुर लोधी (धीर): थाना सुल्तानपुर लोधी के अधीन आने वाली पुलिस चौकी मोठांवाला में उस समय हंगामे जैसे हालात बन गए, जब चोरी के एक कथित मामले में पूछताछ के लिए लाया गया युवक हिरासत से लापता हो गया। युवक की पहचान साहिल कुमार उर्फ बिल्ली निवासी गांव मोहब्बलीपुर (सुल्तानपुर लोधी) के रूप में हुई।

घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजन और अन्य रिश्तेदार बड़ी संख्या में चौकी मोठांवाला पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। मोहब्बलीपुर निवासी युवक की मां सीमा और परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोप लगाया कि जब युवक पुलिस हिरासत में था तो उसके लापता होने की जिम्मेदारी किसकी बनती है। उनका कहना था कि यदि युवक पुलिस हिरासत से ही गायब हो गया है तो यह सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। परिजनों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा साहिल उर्फ बिल्ली का जल्द से जल्द पता लगाया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिलता, वे इंसाफ के लिए अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।

उधर, घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है और मामला पूरी तरह रहस्य बना हुआ है। पुलिस की ओर से भी युवक की तलाश के लिए किए जा रहे प्रयासों और मामले की जांच संबंधी आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना ने न केवल पुलिस व्यवस्था बल्कि हिरासत में रखे गए लोगों की सुरक्षा को लेकर भी कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि साहिल उर्फ बिल्ली का कोई सुराग कब मिलता है और इस पूरे मामले की सच्चाई क्या है। 

पुलिस का पक्ष

वहीं, इस मामले को लेकर चौकी मोठांवाला के प्रभारी ए.एस.आई. सुरजीत सिंह ने बताया कि गांव मोहब्बलीपुर के सरपंच फुमन सिंह ने घर में हुई चोरी के संबंध में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में साहिल कुमार उर्फ बिल्ली पुत्र नरेश कुमार को नामजद किया गया था, जिसके आधार पर संदेह के चलते उसे पूछताछ के लिए चौकी लाया गया था।

ए.एस.आई. सुरजीत सिंह ने बताया कि जब साहिल को चौकी लाया गया तो चौकी के बाहर खड़ी पुलिस गाड़ी से वह अचानक कूदकर भाग गया। उन्होंने कहा कि उस समय चौकी के पास पीरों की जगह पर मेला लगा हुआ था और आम लोगों की काफी भीड़ होने के कारण युवक फरार होने में सफल हो गया। पुलिस अधिकारी ने परिवार द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने साहिल को केवल चोरी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था और उसके साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई। उन्होंने आगे बताया कि युवक की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य भी पुलिस के संपर्क में हैं। परिवार को भरोसा दिलाया गया है कि जैसे ही साहिल के बारे में कोई जानकारी मिलेगी, उन्हें तुरंत सूचित किया जाएगा। पुलिस अपने स्तर पर हर संभव प्रयास कर रही है ताकि युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!