Edited By Urmila,Updated: 24 Aug, 2025 02:55 PM

जालंधर के थाना-2 के अंतर्गत गोपाल नगर इलाके में नशा तस्करी के 10 मामलों में नामजद एक आरोपी के घर पर प्रशासन का बुलडोजर चला।
जालंधर (सोनू, कुंदन, पंकज) : जालंधर के थाना-2 के अंतर्गत गोपाल नगर इलाके में नशा तस्करी के 10 मामलों में नामजद एक आरोपी के घर पर प्रशासन का बुलडोजर चला। यह कार्रवाई नगर निगम और जालंधर पुलिस ने संयुक्त रूप से की है। जालंधर नगर निगम ने कमिश्नरेट पुलिस, जालंधर के साथ मिलकर गोपाल नगर इलाके में कुख्यात नशा तस्करी से जुड़े दो भाइयों के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे इलाके को सील कर कार्रवाई की गई।
मामले की जानकारी देते हुए डी.सी.पी. इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि गोपाल नगर इलाके में प्रलाद कुमार और सोमनाथ उर्फ मन्ना पुत्र प्रेम कुमार निवासी एन.एन. 1472 गोपाल नगर जालंधर की अवैध संपत्ति को ध्वस्त किया गया। प्रलाद कुमार और सोमनाथ उर्फ मन्ना दोनों ही कुख्यात नशा तस्कर हैं, जिनके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट और भारतीय दंड संहिता के तहत 10 मामले दर्ज हैं।
नगर निगम ने अवैध निर्माण के संबंध में कार्रवाई करने के लिए आरोपियों को नोटिस भी जारी किया था, लेकिन जब नगर निगम को कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया, तो नगर निगम ने कार्रवाई के लिए पुलिस सुरक्षा मांगी जब दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला गया, तो पता चला कि दोनों पर पहले से ही नशा तस्करी के 10 मामले दर्ज हैं।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने कहा कि यह कार्रवाई नशा माफियाओं के लिए एक कड़ा संदेश है। उनकी अवैध संपत्तियों को नष्ट करके, वह न केवल कानून का पालन कर रहे हैं, बल्कि अपने मोहल्ले को भी नशे की गिरफ्त से मुक्त कर रहे हैं। उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशा नेटवर्क को पूरी तरह से जड़ से उखाड़ फेंकने की प्रतिबद्धता दोहराई और नागरिकों से अपील की कि वे सरकार के व्हाट्सएप नंबर 9779-100-200 के माध्यम से नशे से संबंधित जानकारी साझा करें और सूचना देने वालों की पूरी गोपनीयता सुनिश्चित करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here