Edited By Urmila,Updated: 21 Aug, 2026 06:03 PM

एक तरफ जहां कुदरत का प्रकोप और सरकारों की नीतियां पहले से ही किसानों की कमर तोड़ रही हैं, वहीं अब चोरों के आतंक ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
बंगा (राकेश): एक तरफ जहां कुदरत का प्रकोप और सरकारों की नीतियां पहले से ही किसानों की कमर तोड़ रही हैं, वहीं अब चोरों के आतंक ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। बंगा के लधाना झिक्का गांव में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां एक ही रात में बेखौफ चोरों ने करीब 15 खेतों से सिंचाई वाली मोटरों के तार काट लिए। चोरों ने बड़ी चालाकी से खेतों में ही तारों को जलाकर उनमें से कीमती तांबा निकाला और मौके से फरार हो गए।
इस घटना का खुलासा तब हुआ जब जसपाल सिंह, गुरदीप सिंह, महेंद्र सिंह और गुरदास सिंह सहित अन्य किसान रोजाना की तरह सुबह अपनी फसलों की देखभाल करने खेतों में पहुंचे। सिंचाई के लिए जब उन्होंने मोटर चलाने की कोशिश की, तो बिजली आपूर्ति बाधित पाई गई।
गहराई से जांच करने पर पता चला कि मोटरों से जुड़े सारे तार गायब हैं। किसानों ने बताया कि चोर न केवल लाखों रुपए की कीमत के तार ले गए, बल्कि मोटरों के कमरों में रखा अन्य सामान भी समेट कर चंपत हो गए। जल्दबाजी में भागते समय चोर अपना एक तेजधार हथियार भी मौके पर ही छोड़ गए हैं।
पीड़ित किसानों ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि मौसम की मार और आर्थिक तंगी के बीच इस चोरी ने उन्हें भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बंगा सदर पुलिस को तुरंत सूचना दे दी है। किसानों में वारदात के बाद हाहाकार मच गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि गिरोह को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें इंसाफ मिल सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here