Ludhiana में धारदार हथियारों से लैस बदमाशों ने गलियों में मचाया हुड़दंग, कई गाड़ियां तोड़ीं, CCTV में कैद घटना

Edited By Vatika,Updated: 19 Jun, 2026 08:54 AM

the incident was captured on cctv

जनकपुरी इलाके में देर रात बेखौफ बदमाशों द्वारा सरेआम धारदार हथियारों से लैस होकर हुड़दंग मचाने

लुधियाना (राज): जनकपुरी इलाके में देर रात बेखौफ बदमाशों द्वारा सरेआम धारदार हथियारों से लैस होकर हुड़दंग मचाने और जमकर उत्पात मचाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावर युवकों के एक गुट ने न सिर्फ गलियों और बाजारों में सरेराह हंगामा किया, बल्कि राहगीरों व स्थानीय लोगों में दहशत पैदा करते हुए कई वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यह पूरी हिंसक वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद से क्षेत्र में डर और तनाव का माहौल है।

 घटना की जानकारी देते हुए इलाका निवासी राजन और गग्गी ने बताया कि रात करीब सवा 10 बजे अचानक कुछ बदमाश मोटर साइकिलों पर सवार होकर और कुछ पैदल ही जनकपुरी की गली नंबर-6 में दाखिल हुए। वहां उनकी किसी स्थानीय व्यक्ति के साथ मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद बदमाश खुलेआम हंगामा करते हुए गणेश नगर रोड और मुख्य मार्केट से गुजरते हुए गली नंबर-7 में जा पहुंचे। लोगों के अनुसार, गली नंबर-7 में भी बदमाशों की एक युवक के साथ तीखी बहसबाजी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से सरेआम ईंट-पत्थर चलने लगे। हथियारों से लैस होकर आए बदमाशों ने पूरी गली को बंधक बना लिया और जमकर तोड़फोड़ की। दहशत के इस माहौल में बदमाशों ने गली में खड़े निर्दोष लोगों के वाहनों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि इलाके के निवासी हैप्पी नाम के व्यक्ति की मोटरसाइकिल को हमलावरों ने बुरी तरह तोड़ डाला।

इसके अलावा गली में खड़ी एक एक्टिवा और एक जुपिटर स्कूटी को भी पत्थरों और हथियारों से मार-मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। अचानक हुए इस पथराव और हमले के कारण बाजार व गलियों में अफरा तफरी मच गई। बाजार में खरीदारी कर रही कई महिलाओं और बच्चों को अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर सुरक्षित घरों की तरफ भागना पड़ा। इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में पुलिस प्रशासन की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी और रोष देखने को मिल रहा है। स्थानीय निवासियों का गंभीर आरोप है कि इतनी बड़ी गुंडागर्दी होने के बावजूद सूचना देने के करीब 3 घंटे बाद पुलिस मौके पर तफ्तीश करने पहुंची। देरी से पहुंची पुलिस को लेकर लोगों ने मौके पर विरोध भी जताया। मामला बढ़ने के बाद जनकपुरी पुलिस चौकी से कांस्टेबल हरप्रीत सिंह और पी.सी.आर. (PCR) की विशेष टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को शांत करते हुए बताया कि घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। वीडियो के आधार पर हुड़दंग मचाने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही नामजद कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!