Edited By Urmila,Updated: 08 Feb, 2026 11:21 AM

थाना पीएयू के अंतर्गत आते इलाके में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्यूशन सेंटर में घुसकर दबंगों ने एक महिला टीचर की गरिमा को तार-तार कर दिया।
लुधियाना (राज): थाना पीएयू के अंतर्गत आते इलाके में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्यूशन सेंटर में घुसकर दबंगों ने एक महिला टीचर की गरिमा को तार-तार कर दिया। मामला एबिस मार्केट की दूसरी मंजिल पर स्थित 'विद्या विंग एसएसएफ' ट्यूशन सेंटर का है। यहां अनुशासन सिखाना एक शिक्षिका को इतना भारी पड़ गया कि छात्र के परिजनों ने करीब 50 लोगों के साथ मिलकर सेंटर पर धावा बोल दिया। सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी छात्र की मां, बहनें और पिता दफ्तर में घुसकर सोनिया नामक टीचर पर टूट पड़े। हद तो तब हो गई जब हमलावर लड़कियां टेबल पर चढ़ गईं और नीचे बैठी शिक्षिका के पेट में बेरहमी से टांगें मारने लगीं। शिक्षिका को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया और उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जमकर गाली-गलौज की गई।
पीड़िता सोनिया ने बताया कि 3 फरवरी की शाम को एक पुराना छात्र सेंटर के नीचे खड़ा होकर लड़कियों की तरफ गलत इशारे कर रहा था और मोबाइल पर वीडियो दिखाकर लड़कों के साथ हुल्लड़बाजी कर रहा था। जब सोनिया ने उसे टोकते हुए घर जाकर पढ़ाई करने की सलाह दी, तो वह आगबबूला हो गया। कुछ ही देर में वह अपने साथ भीड़ लेकर पहुंचा और सेंटर को अखाड़ा बना दिया। हमलावरों ने करीब तीन घंटे तक टीचर, उनके पति और स्टाफ को बंधक बनाए रखा। इस दौरान सबूत मिटाने के इरादे से डीवीआर तक लूटने की कोशिश की गई।
फ़िलहाल, थाना पीएयू पुलिस ने इस मामले में आरोपी छात्र अमन धीर, रीतिका धीर, अमित धीर, मुस्कान धीर और अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here