Edited By Subhash Kapoor,Updated: 29 Apr, 2026 09:54 PM

हलका वेस्ट में लाइंस क्लब रोड के चल रहे निर्माण कार्य में कमियां निकाल सरकार को घेर रहे पूर्व मंत्री आशु के करीबी और पार्षद पति इंद्रजीत इंदी पर पुलिस की और से दर्ज किए मामले के बाद सियासत तेज हो गई है।
लुधियाना (विक्की): हलका वेस्ट में लाइंस क्लब रोड के चल रहे निर्माण कार्य में कमियां निकाल सरकार को घेर रहे पूर्व मंत्री आशु के करीबी और पार्षद पति इंद्रजीत इंदी पर पुलिस की और से दर्ज किए मामले के बाद सियासत तेज हो गई है। इस श्रृंखला में मंगलवार को जहां ममता आशु ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके लोकल बॉडी मिनिस्टर पर निशाना साधा था, वहीं बुधवार को टीम आशु के कांग्रेस पार्षदों और पूर्व पार्षदों ने इंदी के हक में आगे आकर लोकल बॉडी मिनिस्टर को हल्के में द्वेष की राजनीति करने की बजाय डेवलपमेंट के कामों पर ध्यान देने की सलाह दे डाली। यही नहीं इस मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्षद पति इंदी ने लोकल बॉडी मंत्री को दो टूक कहा कि पुलिस के दम पर कांग्रेसी नेताओं को दबाने का प्रयास न करें और पूर्व मंत्री आशु की विकास रूपी कार्यशैली से सीख लेकर सरकार के बाकी बचे समय से हल्का वेस्ट की डेवलपमेंट करवाएं। उन्होंने कहा कि अगर किसी भी विकास कार्य में कांग्रेस को कहीं खामी पता चलेगी तो पब्लिक हित में वे जरूर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्षद पति सन्नी भल्ला,पार्षद पंकज काका,पार्षद महाराज राजी,सुरेश शर्मा,दिलराज सिंह,पूनम मल्होत्रा आदि ने आरोप लगाया कि हल्का वेस्ट में विकास नहीं बल्कि विरोधी पार्टियों के नेताओं पर एफ आई आर दर्ज करवाकर उनको दबाने की राजनीति हो रही है लेकिन सरकार यह भूल चुकी है कि टीम आशु किसी भी तरह के दबाव की परवाह नहीं करती और जनहित के मुद्दे उठाने से गुरेज नहीं करती। उन्होंने कहा कि हल्का वेस्ट में सड़कों की बेतरतीब खुदाई से जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जबकि जिस सड़क को एक बार खोद दिया जाता है तो बाद में उसको दुरुस्त करने की दिशा में काम नहीं किया जा रहा।