भाजपा नेता के क्लीनिक पर पेट्रोल बम फैंकने के मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस ने खोले कई राज

Edited By Kalash,Updated: 27 Jun, 2026 04:41 PM

revelation in case of a petrol bomb thrown at a bjp leader clinic

शहर के भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में बठिंडा पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए कथित मास्टरमाइंड संदीप सिंह को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

बठिंडा (विजय वर्मा): शहर के भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग के क्लीनिक पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में बठिंडा पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए कथित मास्टरमाइंड संदीप सिंह को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात के तार विदेश में बैठे हैंडलर से जुड़े हैं, जिसने पंजाब का माहौल खराब करने की नीयत से इस घटना को अंजाम दिलवाया। शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए एसपी हीना गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संदीप सिंह के सीधे संपर्क विदेश में बैठे कथित हैंडलर शहजाद भट्टी से थे। पूछताछ में संदीप ने खुलासा किया कि उसे इस वारदात को अंजाम देने के बदले 10 लाख रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन वारदात के बाद उसे केवल 5 हजार रुपये ही मिले। पुलिस के मुताबिक, संदीप ने अपने साथ इस वारदात में शामिल किए गए दोनों आरोपियों निखुल और गुरविंदर को तीन-तीन हजार रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उन्हें भी केवल 500-500 रुपये देकर चलता कर दिया गया।

"माहौल खराब करने की थी साजिश''

एसपी हीना गुप्ता ने बताया कि आरोपी संदीप ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि इस वारदात का मकसद इलाके का माहौल खराब करना था। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जिसमें वह वीडियो भी मिली है, जिसे संदीप ने वारदात के दौरान बनाकर विदेशी हैंडलर को भेजा था। मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।

बीए का छात्र निकला कथित मास्टरमाइंड

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संदीप सिंह महाराजा रणजीत सिंह कॉलेज, मलोट में बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। पुलिस का कहना है कि वह पैसों के लालच में इस साजिश का हिस्सा बना।

पैसों के लालच में तीनों ने बर्बाद किया भविष्य 

इस वारदात में शामिल तीनों आरोपियों ने शायद यह नहीं सोचा था कि कुछ हजार रुपये के लालच में उठाया गया कदम उनके पूरे भविष्य पर भारी पड़ जाएगा। अब तीनों गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं और उनका भविष्य अंधकारमय होता नजर आ रहा है।

तीनों आरोपियों के साथ हुआ "धोखा" 

इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प पहलू यह सामने आया है कि तीनों आरोपियों के साथ अलग-अलग स्तर पर धोखा हुआ। विदेशी हैंडलर ने संदीप को 10 लाख रुपये देने का वादा किया, लेकिन दिए केवल 5 हजार रुपये। वहीं संदीप ने अपने दोनों साथियों को 3-3 हजार रुपये देने का भरोसा दिलाया, लेकिन उन्हें भी केवल 500-500 रुपये ही थमाए।

वारदात के बाद ट्रेन से पहुंचे अबोहर 

सूत्रों के अनुसार, पेट्रोल बम हमला करने के बाद तीनों आरोपी ट्रेन के जरिए बठिंडा से अबोहर पहुंचे थे। अबोहर पहुंचते ही तीनों अलग-अलग हो गए। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी संदीप अपने एक रिश्तेदार के घर रात बिताने के लिए चला गया था, जबकि उसके दोनों साथी अलग स्थानों पर चले गए। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित साजिश के अन्य पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!