Edited By Vatika,Updated: 22 Jul, 2026 11:49 AM

पंजीकरण तथा आवारा कुत्तों के मानवीय प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है।
बठिंडा(विजय) : सुप्रीम कोर्ट के आदेशों तथा सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पालतू कुत्तों का पंजीकरण अनिवार्य है, जिसको लेकर नगर निगम की ओर से शहरवासियों को जागरूक करने के लिए जन-जागरूकता अभियान शुरू किया गया है, जिसमें लोगों को पालतू कुत्तों के सरल पंजीकरण तथा आवारा कुत्तों के मानवीय प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है।
घर बैठे पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध
निगम कमिश्नर लवजीत कलसी ने बताया कि पंजाब सरकार ने पालतू जानवरों के पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाते हुए पोर्टल और एम-सेवा एप के माध्यम से घर बैठे पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई है। जिन लोगों के पास पालतू कुत्ते या अन्य पालतू जानवर हैं, वे आसानी से अपने जानवर का पंजीकरण करवा सकते हैं।उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए मालिक का नाम, मोबाइल नंबर, पता, कुत्ते का फोटो, नस्ल, आयु तथा टीकाकरण संबंधी विवरण आवश्यक हैं। इसके अलावा नगर निगम कार्यालय, माल गोदाम रोड स्थित कमरा नंबर-27 में भी पंजीकरण करवाया जा सकता है।
आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
कमिश्नर ने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए नगर निगम की टीमें स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और विभिन्न मोहल्लों में जाकर पंजीकरण की जानकारी दे रही हैं, साथ ही पालतू जानवरों के मालिकों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में सभी निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा डबवाली रोड स्थित महाराजा रणजीत सिंह यूनिवर्सिटी के निकट एनिमल बर्थ कंट्रोल सैंटर चलाया जा रहा है, जहां आवारा कुत्तों का टीकाकरण और नसबंदी की जाती है। वर्ष 2025 के दौरान शहर के 4,335 आवारा कुत्तों का टीकाकरण एवं नसबंदी की गई है। इनमें 2,125 नर तथा 2,210 मादा कुत्ते शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य सैनेटरी इंस्पैक्टर को आवारा कुत्तों से संबंधित सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। किसी भी कुत्ते के हमले, आवारा कुत्तों के आक्रामक व्यवहार की शिकायत, टीकाकरण, नसबंदी अथवा पालतू कुत्तों के पंजीकरण संबंधी जानकारी और सहायता के लिए नगर निगम के हैल्पलाइन नंबर 99121-81716 पर संपर्क किया जा सकता है।