Edited By Subhash Kapoor,Updated: 03 Sep, 2025 06:10 PM

रावी नदी के उफान ने अमृतसर जिले के आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी है। बताया जा रहा है कि अकेले रावी नदी के उफान से अजनाला और आसपास के करीब 140 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के चलते अब तक लगभग 1 लाख 17 हजार से अधिक लोग संकट में हैं।
अमृतसर : रावी नदी के उफान ने अमृतसर जिले के आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी है। बताया जा रहा है कि अकेले रावी नदी के उफान से अजनाला और आसपास के करीब 140 गांव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के चलते अब तक लगभग 1 लाख 17 हजार से अधिक लोग संकट में हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाढ़ के कारण कई घरों को गंभीर नुकसान पहुंचा है और कुछ घरों को तो पूरी तरह से खाली करना पड़ा है। इसके अलावा खेतों और फसलों को भी भारी नुक्सान हुआ है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। लोग अपने घरों और संपत्ति की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं कई परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए डीसी साक्षी साहनी और जिला पुलिस प्रमुख (एसएसपी) एस. मनिंदर सिंह आज ट्रैक्टर के जरिए बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। डीसी ने कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और जरूरी सेवाएं तुरंत पहुंचाने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।
बता दें कि पिछले कई दिनों से पहाड़ी इलाकों और राज्य भर में हो रही लगातार बारिश ने नदियों और नहरों के जल स्तर को खतरे के निशान तक बढ़ा दिया है। इसके कारण नदी किनारे रहने वाले लोगों का जीवन कठिन हो गया है और आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों और पुलों पर पानी भरने के कारण आवाजाही बाधित हुई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साक्षी साहनी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने और सुरक्षित स्थानों पर उन्हें स्थानांतरित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।