Edited By Vatika,Updated: 01 May, 2026 09:19 AM

शहर में रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बेहद ही दुखद मामला सामने आया है।
लुधियाना(राज): शहर में रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बेहद ही दुखद मामला सामने आया है। एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की, जो घर से महज अपने सर्टिफिकेट लेमिनेशन करवाने के लिए निकली थी, वह एक दरिंदे की हवस का शिकार बन गई। आरोपी युवक उसे अगवा कर ले गया और पिछले कई महीनों से डरा-धमका कर किशोरी के साथ घिनौना काम कर रहा था, जिसके चलते अब वह 6 महीने की गर्भवती हो गई है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी सुरजीत गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बच्ची ने पिता को सुनाई आपबीती
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उनकी बेटी घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपने सर्टिफिकेट पर लेमिनेशन करवाने जा रही है। लेकिन जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने अपनी स्तर पर बेटी की हर जगह तलाश की, रिश्तेदारों और दोस्तों से पूछा, लेकिन काजल का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। मामले में मोड़ तब आया जब 29 अप्रैल को पीड़िता के पिता को अचानक पुलिस चौकी से फोन आया कि उनकी बेटी बरामद कर ली गई है। जब पिता पुलिस चौकी पहुंचे और अपनी बेटी से घर से चले जाने और उसे ले जाने वाले व्यक्ति के बारे में पूछा, तो बच्ची ने जो आपबीती सुनाई उसे सुनकर पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई।
6-7 महीनों से डरा-धमका कर बनाता रहा संबंध
पीड़िता ने बताया कि सुरजीत गुप्ता नाम का लड़का उसे पिछले करीब 6-7 महीनों से डरा-धमका रहा था और उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बना रहा था। आरोपी के खौफ के कारण पीड़िता चुप रही, लेकिन अब वह 6 महीने की गर्भवती हो चुकी है। आरोपी की काली करतूतें सामने आने के बाद इलाके में भारी रोष पाया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी सुरजीत गुप्ता के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---