Edited By Kalash,Updated: 16 Nov, 2025 06:31 PM

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्रिमंडल द्वारा लिया गया।
चंडीगढ़/जालंधर (अंकुर, धवन): राज्य भर में स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को और मजबूत करने के मिशन के तहत एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब कैबिनेट ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 311 नर्सों की भर्ती को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में फैसला मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्रिमंडल द्वारा लिया गया।
सी.डी.पी.ओ. के 16 रिक्त पदों की बहाली को मंजूरी
मंत्रिमंडल ने सामाजिक सुरक्षा, महिलाओं और बच्चों से संबंधित राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए बाल विकास प्रोजेक्ट अफसरों (सी.डी.पी.ओ.) के 16 रिक्त पदों की बहाली करके पी.पी.एस.सी. के माध्यम से इस भर्ती को भी मंजूरी दे दी है।
बी.बी.एम.बी. में तैनात किए जाने वाले 2458 कर्मचारियों का अलग कैडर बनाने को हरी झंडी
मंत्रिमंडल ने भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बी.बी.एम.बी.) में तैनात किए जाने वाले 2458 कर्मचारियों का एक अलग कैडर बनाने को हरी झंडी दे दी है। इसके अलावा मेडिकल टीचिंग फैकल्टी से तरक्की के जरिए भरे जाते प्रशासनिक पदों के लिए सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ा दी गई है।
मंत्रिमंडल ने चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में चिकित्सा शिक्षण फैकल्टी से पदोन्नति के माध्यम से भरे जाने वाले प्रशासनिक पदों के लिए सेवानिवृत्ति की आयु वर्तमान 62 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष करने को भी मंजूरी दे दी है। मंत्रिमंडल ने किशोरियों और जरूरतमंद महिलाओं को सुरक्षित मासिक धर्म और मुफ्त सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के लिए 'नवीं दिशा' योजना शुरू करने को भी मंजूरी दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here