Edited By Subhash Kapoor,Updated: 05 May, 2026 10:06 PM

नशे की लत ने एक बेटे को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने अपने ही पिता को बोलेरो गाड़ी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। बठिंडा जिले के गांव सींगो में हुए इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
बठिंडा (विजय वर्मा) : नशे की लत ने एक बेटे को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने अपने ही पिता को बोलेरो गाड़ी से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। बठिंडा जिले के गांव सींगो में हुए इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आरोपी ने सिर्फ पिता ही नहीं, बल्कि उन्हें समझाने वाले ग्रामीणों को भी निशाना बनाया। पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी बेटे गुलाब सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गुलाब सिंह नशे का आदी था और अपनी लत पूरी करने के लिए घर का सामान तक बेच चुका था। कुछ समय पहले उसने घर से वाशिंग मशीन चोरी कर बेच दी थी। इस बात का पता चलने पर उसके पिता जंटा सिंह ने गांव के सम्मानित व्यक्ति डोगर सिंह को पूरी बात बताई थी।
डोगर सिंह ने गुलाब सिंह को गांव में बुलाकर जमकर फटकार लगाई और दोबारा ऐसी हरकत न करने की चेतावनी दी थी। यही बात आरोपी के दिल में जहर बनकर बैठ गई। उसने पिता और डोगर सिंह से बदला लेने की ठान ली। पुलिस के मुताबिक 2 मई को आरोपी बोलेरो पिकअप लेकर पहुंचा और जानबूझकर पिता जंटा सिंह व डोगर सिंह पर गाड़ी चढ़ा दी। इस दौरान वहां मौजूद सुखदेव सिंह भी उसकी चपेट में आ गया। हमले में जंटा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डोगर सिंह और सुखदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना तलवंडी साबो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के बड़े बेटे गुरजिंदर सिंह के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। एसएसपी बठिंडा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूत्रों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का पहले कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, लेकिन नशे की गिरफ्त ने उसे ऐसा दरिंदा बना दिया जिसने अपने ही पिता की जान ले ली। अब पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।