Edited By VANSH Sharma,Updated: 28 Jun, 2026 08:39 PM

इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि जिस स्थान पर शराब का ठेका खोला गया है, उसके सामने और पीछे दोनों ओर रिहायशी इलाका है।
खरड़ (अमरदीप सिंह सैनी): सेक्टर-123, सनी एन्क्लेव, जंडपुर रोड स्थित रिहायशी इलाके के सामने खोले गए शराब के ठेके के विरोध में रविवार शाम भाजपा नेता अमरीक सिंह हैप्पी की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने धरना-प्रदर्शन किया और ठेके को तुरंत रिहायशी क्षेत्र से हटाने की मांग की।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि जिस स्थान पर शराब का ठेका खोला गया है, उसके सामने और पीछे दोनों ओर रिहायशी इलाका है। उनका कहना था कि ठेके के कारण क्षेत्र के लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेके के ठीक सामने स्कूल बसें रुकती हैं, जहां अभिभावक अपने बच्चों को बस में चढ़ाने और उतारने के लिए खड़े रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोग ठेके के बाहर ही शराब पीते हैं और कुछ प्रवासी मजदूर नशे की हालत में वहीं पड़े रहते हैं, जिससे लड़कियों और महिलाओं को असुरक्षा और असुविधा महसूस होती है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि ठेके के बिल्कुल सामने और पीछे रिहायशी मकान हैं, इसलिए इसे तुरंत किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर ठेका नहीं हटाया गया तो वे प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू करेंगे और सड़क पर चक्का जाम कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
इस मौके पर समाजसेवी सुधीर गुलेरिया, मनीष भारद्वाज, अमरीक सिंह हैप्पी, जसपाल सिंह, अश्वनी चोपड़ा, कामरेड कमलजीत सिंह, अशोक कुमार, राजिंदर शर्मा, मूर्ति कौर, सिमरनजीत कौर, लखविंदर कौर, नंदनी, जसवीर कौर और मनमीत कौर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here