NHAI टोल प्लाजा का ठेका दिलाने के नाम पर ₹7 करोड़ की ठगी, कारोबारी के उड़े होश

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 27 Jul, 2026 08:44 PM

7 crore fraud under the pretext of securing an nhai toll plaza contract

नेशनल हाईवे प्राधिकरण (एनएचएआई) के टोल प्लाजा का ठेका दिलाने का झांसा देकर दिल्ली के एक कारोबारी से करीब सात करोड़ चार लाख की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर फर्जी पहचान पत्र, नकली...

बठिंडा (विजय वर्मा) : नेशनल हाईवे प्राधिकरण (एनएचएआई) के टोल प्लाजा का ठेका दिलाने का झांसा देकर दिल्ली के एक कारोबारी से करीब सात करोड़ चार लाख की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर फर्जी पहचान पत्र, नकली दस्तावेज और जाली बैंक खाता तैयार किया तथा करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। रकम वापस मांगने पर कारोबारी को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। थाना थर्मल पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली के पहाड़गंज निवासी और श्याम क्रिएशंस फर्म के संचालक मनीष गुप्ता ने बताया कि उनकी मुलाकात बठिंडा निवासी राकेश गोयल से हुई थी। राकेश ने दावा किया कि उसकी पहुंच ऊंचे अधिकारियों तक है और वह एनएचएआई के टोल प्लाजा का ठेका दिला सकता है। भरोसा जीतने के लिए उसने कथित अधिकारियों से मुलाकात करवाई और कई दस्तावेज दिखाए।

शिकायत के अनुसार राकेश गोयल और उसके साथियों ने एनएचएआई से संबंधित होने का दावा करते हुए फर्जी पहचान पत्र, दस्तावेज और समझौते तैयार किए। इतना ही नहीं, भरोसा कायम करने के लिए "एन.एच.ए.आई. ए.पी.टी.एल." के नाम से पंजाब एंड सिंध बैंक में एक बैंक खाता भी खुलवाया गया, जो जांच में पूरी तरह फर्जी निकला।

आरोप है कि इसी बैंक खाते में अलग-अलग किस्तों में सात करोड़ चार लाख इक्कीस हजार नौ सौ बासठ रुपये जमा करवाए गए। इसके अलावा करीब डेढ़ करोड़ रुपये नकद भी लिए गए, जबकि पच्चीस लाख रुपये एक निजी फर्म के खाते में स्थानांतरित करवाए गए। काफी समय बीतने के बाद भी जब टोल प्लाजा का ठेका नहीं मिला तो मनीष गुप्ता को शक हुआ। जांच कराने पर दस्तावेजों और बैंक खाते की सच्चाई सामने आई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दीं।

प्रारंभिक जांच के बाद थाना थर्मल पुलिस ने राकेश गोयल, शेफाली गोयल, दविंदर गर्ग, गगन और एक अन्य चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक खातों, दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!