Edited By Vatika,Updated: 27 Jul, 2026 11:52 AM

मौसम विभाग ने पंजाब में आने वाले दिनों में मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई है।
चंडीगढ़: मौसम विभाग ने पंजाब में आने वाले दिनों में मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार 27 जुलाई की रात तक मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहेगा, लेकिन 28 से 30 जुलाई के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए पूरे पंजाब में अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मानसून की स्थिति सामान्य रही और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बीते दिन की तुलना में पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी तरह, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में भी 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। राज्य का सबसे अधिक तापमान भाखड़ा डैम/नंगल (रूपनगर) में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान थीन डैम में 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश की बात करें तो अमृतसर में सबसे अधिक 11.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा होशियारपुर में 10.0 मिमी, गुरदासपुर में 6.0 मिमी, जालंधर में 5.0 मिमी, पठानकोट में 4.5 मिमी, लुधियाना में 1.8 मिमी और पटियाला में 1.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
28-31 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 और 29 जुलाई के दौरान पंजाब के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में 12 सेंटीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना जताते हुए भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 27, 30 और 31 जुलाई को भी प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने संभावित जलभराव और फसलों को नुकसान की आशंका को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, खुले में रखी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा कमजोर और जर्जर इमारतों के आसपास जाने से बचें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।