Edited By Kamini,Updated: 31 Oct, 2026 07:03 PM

त्यौहारों के मद्देनजर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
शाहपुरकंडी/पठानकोट (शारदा) : त्यौहारों के मद्देनजर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी मनप्रीत सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत थाना शाहपुरकंडी पुलिस की ओर से विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी एसएचओ बलविन्द्र कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ कर रहे हैं। एसएचओ बलविन्द्र कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है।
ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभिन्न नाकों पर वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी असामाजिक तत्व क्षेत्र की शांति भंग न कर सके और किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने में सफल न हो।
इसके साथ ही पुलिस कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने तथा प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। एसएचओ ने आम लोगों से भी अपील की कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की चेकिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी, ताकि लोग बिना किसी भय के त्योहार मना सकें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here