Edited By Vatika,Updated: 24 Jun, 2026 12:50 PM

सीबीएसई की 12वीं कक्षा के री-इवेल्यूएशन के नतीजे आने के बाद शहर के कई छात्रों के अंक ब
लुधियाना (विक्की): सीबीएसई की 12वीं कक्षा के री-इवेल्यूएशन के नतीजे आने के बाद शहर के कई छात्रों के अंक बढ़े हैं। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों में राहत जरूर है, लेकिन अब उनकी नजर फीस वापसी पर टिक गई है। बोर्ड ने पहले ही अपने नोटिस में स्पष्ट किया था कि जिन छात्रों के अंक री-इवेल्यूएशन के बाद बढ़ेंगे, उनकी फीस वापस की जाएगी। ऐसे में अब शहर के कई परिवार यह जानना चाह रहे हैं कि रिफंड की प्रक्रिया कब शुरू होगी।
बता दें कि सीबीएसई ने 17 मई को पोस्ट रिजल्ट सुविधाओं को लेकर जारी नोटिस में री-इवेल्यूएशन फीस 100 रुपए प्रति प्रश्न से घटाकर 25 रुपये प्रति प्रश्न कर दी थी। इसी नोटिस में यह भी कहा गया था कि पुनर्मूल्यांकन के बाद यदि किसी विद्यार्थी के अंक बढ़ते हैं तो उससे ली गई फीस वापस की जाएगी। बोर्ड के इस फैसले को उस समय छात्रों के लिए राहत के रूप में देखा गया था। अब जब री-इवेल्यूएशन का परिणाम सामने आ चुका है और शहर के कई विद्यार्थियों के अंक बढ़े हैं, तो फीस वापसी का मुद्दा चर्चा में आ गया है। अभिभावकों का कहना है कि जब बोर्ड ने अपने नोटिस में फीस लौटाने की बात कही थी, तो अब इस पर जल्द अमल भी होना चाहिए। उनका कहना है कि जिन बच्चों के अंक बढ़े हैं, उनकी फीस बिना किसी अतिरिक्त औपचारिकता के सीधे वापस की जानी चाहिए।
एक अभिभावक ने कहा कि री-इवेल्यूएशन के बाद बच्चों के अंक बढ़ने से संतोष जरूर है, लेकिन अब सबकी नजर फीस वापसी पर है। बोर्ड को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि रिफंड स्वत: होगा या इसके लिए अलग से आवेदन करना पड़ेगा। वहीं, एक छात्र ने कहा कि अंक बढ़ने से रिजल्ट बेहतर हुआ है, लेकिन अब यह इंतजार है कि बोर्ड फीस वापसी को लेकर अगला कदम कब उठाएगा। फिलहाल, सीबीएसई की ओर से फीस वापसी की प्रक्रिया और समय-सीमा को लेकर अलग से कोई सार्वजनिक सूचना जारी नहीं की गई है। यही वजह है कि शहर के कई छात्र और उनके अभिभावक अब बोर्ड की अगली अधिसूचना का इंतजार कर रहे हैं
क्या कहा था सीबीएसई ने
- 17 मई को पोस्ट रिजल्ट सुविधाओं को लेकर नोटिस जारी किया था
- री-इवेल्यूएशन फीस 100 रुपये प्रति प्रश्न से घटाकर 25 रुपये की गई
- अंक बढ़ने की स्थिति में फीस वापस करने की बात कही गई थी