Edited By swetha,Updated: 15 Jul, 2019 11:59 AM
पंजाब के मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद अहम मंत्रालय छीने जाने के बाद से खफा कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने गत दिवस पंजाब कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को संबोधित अपने इस्तीफे को रविवार को ट्विटर पर सांझा...
जालंधर: पंजाब के मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद अहम मंत्रालय छीने जाने के बाद से खफा कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने गत दिवस पंजाब कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को संबोधित अपने इस्तीफे को रविवार को ट्विटर पर सांझा किया था। आज उन्होंने अन्य ट्वीट करके बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह को भी अपना इस्तीफा आज उनके सरकारी आवास के पते पर भेज दिया है,जो जल्द ही उनको मिल जाएगा।
राहुल को10 जून को ही भेज दी थी चिट्ठी
ट्विटर पर इस्तीफे का पत्र पोस्ट करने के साथ सिद्धू ने लिखा है कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को संबोधित करते हुए मंत्री पद से इस्तीफा दिया है। सिद्धू के मुताबिक 10 जून को ही उन्होंने यह पत्र तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सौंप दिया था।
कैप्टन ने लोकसभा चुनाव में हार के लिए सिद्धू को ठहराया था जिम्मेदार
बता दें कि लोकसभा चुनाव में हार के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह द्वारा सिद्धू को जिम्मेदार ठहराया गया था। इसके बाद कैप्टन ने सिद्धू से स्थानीय निकाय विभाग छीनकर उन्हें ऊर्जा मंत्री बना दिया था पर काफी लंबे समय के बाद भी सिद्धू ने विभाग नहीं संभाला।
मंत्रालय बदले जाने के एक माह बाद भी सिद्धू ने नहीं संभाला प्रभार
आपको बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू इस समय मंत्रालय बदले जाने से काफी नाराज हैं। बीते 6 जून को मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने सिद्धू से शहरी निकाय के साथ पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले विभाग वापस ले लिए थे और उन्हें ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग का प्रभार सौंपा था। अमरेंद्र ने सिद्धू से विभाग वापस लेते हुए इसके लिए उनके खराब प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया था और इसके बाद से दोनों के बीच तनाव सार्वजनिक हो गया था।