मेडिकल स्टोर संचालक को नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 15 दिन के लिए लाइसेंस सस्पेंड

Edited By Kalash,Updated: 09 Nov, 2026 03:15 PM

medical store owner license suspend

दवाइयों की बिक्री में नियमों की अनदेखी करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है।

बठिंडा (विजय वर्मा): दवाइयों की बिक्री में नियमों की अनदेखी करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में बठिंडा के पंजाब मेडिकल हॉल पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके दोनों रिटेल ड्रग लाइसेंस 15 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, मेडिकल स्टोर में टैपेंटाडोल और इसके साल्ट से तैयार होने वाली दवाइयों का स्टॉक रखने और बिक्री के लिए प्रदर्शित करने की अनुमति भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है।

सिविल सर्जन कार्यालय बठिंडा के जोनल लाइसेंसिंग अथॉरिटी (ड्रग्स) की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, पंजाब मेडिकल हॉल, जो आदर्श इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च के सामने, भुच्चो खुर्द, बरनाला रोड पर स्थित है, का 19 अक्टूबर 2026 को ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर अकांत प्रिया सिंगला ने निरीक्षण किया था। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर में दवाइयों की खरीद-बिक्री और रिकॉर्ड संबंधी कई कमियां सामने आईं, जिन्हें विभाग ने नियमों का उल्लंघन माना।

कारण बताओ नोटिस का जवाब भी नहीं आया काम

विभाग ने 21 अक्टूबर को मेडिकल स्टोर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। संचालक की ओर से पेश किए गए जवाब को विभाग ने संतोषजनक नहीं माना। आदेश में जवाब को बाद में तैयार किया गया बताते हुए भी स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स रूल्स, 1945 के नियम 65 के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन के आधार पर लाइसेंस सस्पेंड करने का फैसला लिया गया।

15 दिन तक दवाइयों का कारोबार बंद रखने के आदेश

विभाग ने मेडिकल स्टोर के रिटेल ड्रग लाइसेंस नंबर 153865 और 153866 को आदेश प्राप्त होने की तारीख से 15 दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया है। इस अवधि में एलोपैथिक दवाइयों की खरीद-बिक्री करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। यानी आदेश की अवधि के दौरान मेडिकल स्टोर के लिए दवाइयों का कारोबार जारी रखना कानूनी मुश्किलें खड़ी कर सकता है।

टैपेंटाडोल दवाओं पर भी विभाग की सख्ती

कार्रवाई का दूसरा अहम पहलू टैपेंटाडोल और इसके साल्ट से बनी दवाइयों से जुड़ा है। विभाग ने इन दवाओं का स्टॉक रखने और बिक्री के लिए प्रदर्शित करने की अनुमति तत्काल प्रभाव से वापस ले ली है। स्टोर संचालक को निर्देश दिया गया है कि यदि उसके पास इन दवाओं का स्टॉक मौजूद है तो उसे संबंधित डिस्ट्रीब्यूटर, होलसेलर या निर्माता को वापस किया जाए और इसकी सूचना विभाग को दी जाए।
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश के बाद टैपेंटाडोल युक्त दवाइयों का स्टॉक रखने, बेचने या वितरण करने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 18(सी) और 27(बी)(आई) के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

आदेश की प्रति ड्रग्स कंट्रोल ऑफिसर बठिंडा-2 को भी भेजी गई है। उन्हें मेडिकल स्टोर संचालक को आदेश की प्रति सौंपने और सस्पेंशन अवधि में दवाइयों की खरीद-बिक्री पूरी तरह बंद करवाने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना होगा कि विभाग आगामी दिनों में इस कार्रवाई की अनुपालना किस तरह सुनिश्चित करवाता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!