Edited By Urmila,Updated: 10 Mar, 2026 03:23 PM

शिवपुरी इलाके में स्थित प्रसिद्ध टूटी वाले मंदिर के पास नगर निगम और प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा सामने आया है।
लुधियाना (राज) : शिवपुरी इलाके में स्थित प्रसिद्ध टूटी वाले मंदिर के पास नगर निगम और प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण एक बड़ा हादसा सामने आया है, जिसमें एक 68 वर्षीय बुजुर्ग मौत के मुंह से बाल-बाल बचकर निकले हैं। जानकारी के अनुसार, इलाके की खस्ताहाल सड़क पिछले लंबे समय से बदहाली का शिकार है और वहां बने एक करीब 7 फीट गहरे जानलेवा गड्ढे ने एक बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। पीड़ित बुजुर्ग अपनी ई-एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर घर का जरूरी सामान लेने निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि नगर निगम के खोदे गए 'मौत के जाल' में वह समा जाएंगे। मंदिर के पास सड़क की हालत इतनी बदतर थी कि स्कूटी अचानक अनियंत्रित हो गई और बुजुर्ग स्कूटी समेत गहरे गड्ढे में जा गिरे।
हादसा इतना भयानक था कि बुजुर्ग के गिरते ही आसपास के लोगों की रूह कांप गई और राहगीरों ने तुरंत साहस दिखाते हुए भारी मशक्कत के बाद उन्हें गहरे गड्ढे से बाहर निकाला। हादसे में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में एक ई-रिक्शा के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनका उपचार चल रहा है। इस घटना के बाद मोहल्ला वासियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह सड़क पिछले कई महीनों से खूनी खेल खेल रही है और यहां आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन कुंभकर्णी नींद सोए प्रशासन ने आज तक इसकी सुध नहीं ली। मौके पर जमा हुए गुस्साए लोगों ने नगर निगम, स्थानीय पार्षद और विधायक के खिलाफ जमकर गुब्बार निकाला। लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी या किसी की मौत का इंतजार कर रहा है?
आज तो एक बुजुर्ग की जान जाते-जाते बची है, लेकिन अगर जल्द ही इन जानलेवा गड्ढों को भरकर सड़क का निर्माण न किया गया तो इलाके के लोग सड़कों पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। निवासियों ने पुरजोर मांग की है कि इस सड़क की तुरंत मरम्मत करवाई जाए ताकि राहगीर चैन की सांस ले सकें और सुरक्षित अपने घरों को पहुंच सकें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here