Edited By Vatika,Updated: 12 Oct, 2026 09:05 AM

महानगर के थाना सलेम टाबरी के अधीन आते जस्सियां रोड इलाके में पारिवारिक और वैवाहिक विवाद
लुधियाना (राज): महानगर के थाना सलेम टाबरी के अधीन आते जस्सियां रोड इलाके में पारिवारिक और वैवाहिक विवाद के चलते एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ससुर ने अपनी अलग रह रही बहू और उसके साथी पर देर रात घर के बाहर खड़ी कार के शीशे ईंट मारकर तोड़ने और गाड़ी के भीतर से आईफोन, नए कपड़ों से भरे बैग व नकदी चुरा ले जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित की लिखित शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने बहू और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दर्ज करवाई गई आधिकारिक शिकायत में गुरनाम नगर (जस्सियां रोड) निवासी जिया लाल गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ज्ञान गुप्ता का अपनी पत्नी प्रिया गुप्ता के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा है। विवाद के चलते दोनों काफी समय से अलग-अलग रह रहे हैं और उनके बीच तलाक का मामला माननीय अदालत में विचाराधीन है। इसी रंजिश के चलते ससुराल पक्ष पर दबाव बनाने और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिशें की जा रही हैं। शिकायतकर्ता जिया लाल गुप्ता के अनुसार, 5 और 6 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात को उनकी बहू प्रिया गुप्ता अपने साथी विकास राजपूत के साथ उनके घर के बाहर पहुंची। आरोपियों ने बाहर गली में पार्क की गई उनकी मारुति सुजुकी कार को निशाना बनाया। दोनों ने ईंटें मारकर गाड़ी का फ्रंट विंडशील्ड और कंडक्टर साइड का शीशा बुरी तरह चकनाचूर कर दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने यह पूरी हरकत परिवार में खौफ पैदा करने और उन्हें डराने-धमकाने की नीयत से की।
गाड़ी के शीशे तोड़ने के बाद आरोपी कार के भीतर रखा कीमती सामान समेट कर ले गए। पीड़ित के मुताबिक, गाड़ी में रखा: एक पुराना आईफोन-11 , नए कपड़ों से भरे 02 बैग, 200-200 रुपये के 20 नोट यानी कुल ₹4,000 की नकदीआरोपी चुराकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिवार ने बाहर आकर देखा तो गाड़ी क्षतिग्रस्त हालत में थी और अंदर से सामान गायब था।