Edited By Urmila,Updated: 04 Aug, 2026 12:56 PM

फरीदकोट की केन्द्रीय मॉडर्न जेल में 2 हवालातियों के बीच हुई लड़ाई के दौरान धक्का लगने से एक हवालाती की मौत हो गई।
फरीदकोट (राजन): फरीदकोट की केन्द्रीय मॉडर्न जेल में 2 हवालातियों के बीच हुई लड़ाई के दौरान धक्का लगने से एक हवालाती की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरनाला जिले के चौहान कलां गांव के रहने वाले अमनदीप सिंह के तौर पर हुई है, जो अपने पिता की हत्या के मामले में न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद था।
जानकारी के अनुसार गत दिन सुबह करीब 11 बजे जेल के आर.ओ. प्लांट में पानी भरते समय अमनदीप सिंह और मोगा जिले के रहने वाले अमृतपाल सिंह के बीच बहस हो गई। बहस के दौरान, अमृतपाल सिंह के धक्का देने से अमनदीप सिंह का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद, जेल प्रशासन ने घायल हवालाती को पहले जेल अस्पताल में भर्ती कराया और प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन देर रात जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, तो उसे सिविल अस्पताल फरीदकोट भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरूआती जांच में पता चला है कि रविवार को मामूली कहासुनी के दौरान सिर में लगी गंभीर चोट ही उसकी मौत का कारण बनी।
फरीदकोट के डी.एस.पी. (डी) अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि सूचना मिलने पर वे थाना सिटी के एस.एच.ओ. राजवंत सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी हवालाती अमृतपाल सिंह के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here