Edited By Subhash Kapoor,Updated: 09 Apr, 2025 08:09 PM

भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में हाल ही में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आज पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को ए.सी.जे.एम. हरप्रीत कौर की अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को 6 दिन की पुलिस रिमांड...
जालंधर (सोनू) : भाजपा के पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में हाल ही में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आज पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को ए.सी.जे.एम. हरप्रीत कौर की अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि पुलिस ने अदालत में रविंदर कुमार (निवासी: सुभाना रोड, गड़ा, जालंधर) और सतीश उर्फ काका (निवासी: भार्गव कैंप) के 10 दिन की रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने 6 दिन की ही रिमांड दी।
दिल्ली से भी पकड़े गए दो संदिग्ध
मनोरंजन कालिया के घर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। जालंधर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली से दो और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इन दोनों की भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इसी कड़ी में जालंधर पुलिस की एक और टीम को दिल्ली भेजा गया है।
एनआईए भी करेगी जांच
मनोरंजन कालिया के घर पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले की जांच अब एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) भी करेगी। पता चला है कि एन.आई.ए. की टीम बीते दिन ही जालंधर पहुंच गई थी और इस मामले में एन.आई.ए. के वरिष्ठ अधिकारियों ने कमिश्नरेट पुलिस और मनोरंजन कालिया से मिलकर जानकारी हासिल की है। वहीं जालंधर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है ताकि आरोपियों के नेटवर्क को तोड़ा जा सके। खालिस्तान आर्म्ड फोर्स की ओर से इस धमाके की जिम्मेदारी लेने के बाद अब न केवल जालंधर पुलिस, बल्कि केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में सक्रिय हो गई हैं।
ई-रिक्शा चालक और उसके रिश्तेदार से हो रही पूछताछ
गिरफ्तार किए गए ई-रिक्शा चालक सतीश, निवासी भार्गव कैंप और उसके मामा के बेटे हैरी, निवासी गड़ा, से लगातार पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले दोनों जालंधर में रह रहे थे और उन्होंने कालिया के घर की रेकी भी की थी।