Edited By Vatika,Updated: 03 Jul, 2026 02:03 PM

केंद्रीय जेल फरीदकोट में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए गए अचानक तलाशी अभियान के दौरान
फरीदकोट (राजन): केंद्रीय जेल फरीदकोट में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए गए अचानक तलाशी अभियान के दौरान पांच लावारिस मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने जेल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार केंद्रीय जेल के सहायक सुपरिटेंडेंट वीरपाल सिंह द्वारा भेजी गई लिखित रिपोर्ट के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया। रिपोर्ट में बताया गया है कि जेल प्रशासन और जेल गार्डों ने जेल की विभिन्न बैरकों में अचानक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान अलग-अलग बैरकों से पांच लावारिस मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामदगी के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना थाना सिटी फरीदकोट पुलिस को दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ जेल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि प्रतिबंधित मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचे और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।