Edited By Kamini,Updated: 29 Apr, 2026 02:48 PM

राहों में पुलिस ने एक दुकानदार को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने की कोशिश करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 महिलाओं और 1 पुरुष दलाल को गिरफ्तार किया है।
राहों (प्रभाकर): राहों में पुलिस ने एक दुकानदार को ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने की कोशिश करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 महिलाओं और 1 पुरुष दलाल को गिरफ्तार किया है। राहों थाने के एस.एच.ओ. चौधरी वरिंदर कुमार ने बताया कि सब्जी मंडी रोड पर इलैक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले हरविंदर सिंह पुत्र सुखविंदर सिंह निवासी नीलोवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कल शाम जब वह अपनी दुकान पर थे, तो जसप्रीत कौर और इंदरजीत कौर नामक 2 युवतियां उनके पास आईं और पैसे उधार मांगने लगीं। जब दुकानदार ने पैसे देने से मना कर दिया और वह दुकान के पीछे केबिन में पानी पीने गए, तो इंदरजीत कौर ने उनके पीछे आकर केबिन अंदर से बंद कर लिया और उन्हें शारीरिक संबंध बनाने का झांसा देकर फंसाने की कोशिश की। इस दौरान वह कहने लगी कि मुझे पैसे उधार दो नहीं तो मेरे साथ करना है कर लो।
जब दुकानदार ने उसे मना किया तो बाहर बैठी जसप्रीत कौर ने अपनी अन्य साथियों को फोन कर बुला लिया, जिसमें रानी नामक महिला ने वहां पहुंचकर दुकानदार का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और उसे बदनाम करने की धमकी देते हुए चिल्लाने लगी। वह कहने लगी मेरी बहू को अंदर कैसे लेकर गए और फिर कहने लगी तेरे खिलाफ थाने में चली जाऊंगी। इसके बाद रानी ने संदीप कौर और सनी सिंह नामक व्यक्ति को मौके पर बुलाया, जिन्होंने मामले को रफा-दफा करने के बदले 1 लाख रुपए की मांग की और पैसे न देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
दुकानदार ने इस पूरी घटना की जानकारी अपने बेटे को दी, जिसके बाद आरोपियों ने फोन पर उसके बेटे से भी पैसों की मांग की जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग सुरक्षित कर ली गई। दुकानदार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सनी सिंह, जसप्रीत कौर, इंदरजीत कौर, रानी और संदीप कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में सास और बहू भी शामिल हैं, जिन्हें नवांशहर की अदालत में पेश किया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here