धमकियों के बीच सुरक्षा में लापरवाही का आरोप, भाजपा नेता ने पुलिस प्रशासन को घेरा

Edited By Kamini,Updated: 20 May, 2026 03:51 PM

bjp leader surrounded the police administration

पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति और राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बरनाला (विवेक सिंधुवानी, रवि): पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति और राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह नैनेवाल ने जिला पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि एडीजीपी सिक्योरिटी के स्पष्ट आदेशों के बावजूद उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया नहीं कराई जा रही है, जिसके कारण उनकी जान को लगातार खतरा बना हुआ है।

नैनेवाल ने खुलासा किया कि एडीजीपी सिक्योरिटी द्वारा जिला बरनाला पुलिस को उनकी सुरक्षा के लिए 2 गनमैन तैनात करने के संबंध में बकायदा पत्र लिखा गया है। लेकिन हैरानी की बात है कि पिछले करीब 7-8 महीनों से उनके साथ सिर्फ एक ही गनमैन चल रहा है। इतना ही नहीं, इस मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था में भी बड़ी खामी है। उन्होंने बताया कि जो एक गनमैन उन्हें मिला हुआ है, उसकी भी हफ्ते में एक दिन अदालत (कचहरी) में कोई न कोई पेशी होती है। उस दिन वह नेता पूरी तरह से निहत्थे और बिना किसी सुरक्षा के होते हैं, जो कि एक बड़ी प्रशासनिक लापरवाही है।

पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला

भाजपा नेता ने बताया कि उन्हें पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके बारे में पुलिस प्रशासन को समय-समय पर अवगत कराया गया है। उनकी इन चिंताओं को तब और बल मिला जब कुछ समय पहले चूंघा रोड पर उन पर एक जानलेवा हमला भी हुआ था। इस संबंध में थाना टल्लेवाल में बकायदा प्राथमिकी (एफआईआर) भी दर्ज है। नैनेवाल ने सवाल उठाया कि इतने गंभीर हालातों और पुलिस रिकॉर्ड के बावजूद, पता नहीं किस मजबूरी या राजनीतिक दबाव के तहत बरनाला पुलिस उन्हें पूरी सुरक्षा देने से आनाकानी कर रही है।

चुनावों के दौरान बढ़ा खतरा, प्रशासन होगा जिम्मेदार

मौजूदा राजनीतिक हालातों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस समय नगर निगम बरनाला के चुनावों का दौर चल रहा है। पार्टी द्वारा उनकी ड्यूटी इन चुनावों में बतौर सहायक पर्यवेक्षक (अब्जर्वर) लगाई गई है। चुनावी गतिविधियों और देर रात तक चलने वाली बैठकों के कारण जब वह वापस अपने गांव जाते हैं तो काफी अंधेरा हो चुका होता है। ऐसे संवेदनशील समय में बिना सुरक्षा के घूमना किसी बड़ी अनहोनी को दावत देने के बराबर है। नैनेवाल ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि चुनावों के दौरान या आने वाले दिनों में उनके जान-माल का कोई भी नुकसान हुआ, तो इसकी पूरी और सीधी जिम्मेदारी जिला पुलिस प्रशासन की होगी। अब देखना यह होगा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता द्वारा सार्वजनिक तौर पर लगाए गए इन आरोपों के बाद बरनाला पुलिस हरकत में आती है या किसी बड़ी घटना का इंतजार करती है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!