Edited By Subhash Kapoor,Updated: 19 Jul, 2026 05:25 PM

भारतीय जनता पार्टी, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आज आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली से अरविंद केजरीवाल के रिमोट कंट्रोल पर चल रही भगवंत मान सरकार ने पंजाब को भय, अराजकता और आर्थिक दिवालियापन की स्थिति में...
चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आज आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली से अरविंद केजरीवाल के रिमोट कंट्रोल पर चल रही भगवंत मान सरकार ने पंजाब को भय, अराजकता और आर्थिक दिवालियापन की स्थिति में पहुंचा दिया है।
ढिल्लों ने कहा कि आज पंजाब में न मेहनतकश आम नागरिक सुरक्षित है, न महिलाएं और न ही व्यापारी। हाल ही में नाभा में दिनदहाड़े एक रेहड़ी वाले से लूट की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं राज्य में कानून-व्यवस्था के पूर्ण पतन का स्पष्ट प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि चेन स्नैचिंग, चोरी और लूटपाट की घटनाएं अब आम हो चुकी हैं तथा अपराधी खुलेआम लोगों की मेहनत की कमाई लूट रहे हैं।
ढिल्लों ने कहा, "अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की जनता को 'बदलाव' का सपना दिखाया था, लेकिन आज पंजाब को भय, असुरक्षा, बेलगाम अपराध और आर्थिक दिवालियापन मिला। जब सरकार जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय राजनीतिक ड्रामों और प्रचार में व्यस्त रहती है, तो अपराधियों के हौसले स्वाभाविक रूप से बुलंद हो जाते हैं।"
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर अरविंद केजरीवाल से सवाल करते हुए कहा, "क्या यही आपका वादा किया हुआ 'बदलाव' है? क्या यही आपका बहुचर्चित शासन मॉडल है?"
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब को ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो विज्ञापनों और राजनीतिक प्रचार पर जनता का धन खर्च करने के बजाय नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब बहाने नहीं, बल्कि जवाबदेही, ठोस कार्रवाई और भयमुक्त वातावरण चाहती है।
उन्होंने भगवंत मान सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर कानून-व्यवस्था बहाल करने तथा पंजाब के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।