Edited By Kalash,Updated: 17 Aug, 2026 02:55 PM

सुल्तानपुर लोधी के गांव सरदुल्लापुर में गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
कपूरथला (गुरप्रीत): सुल्तानपुर लोधी के गांव सरदुल्लापुर में गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फायरिंग के दौरान गांव का 25 साल का युवक सुखदीप सिंह पुत्र जस्सा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के चेहरे पर बाईं तरफ गोली लगी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। उक्त आरोपी गांव में लगे एक CCTV में कैद हो गया। आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में आए थे। घटना के बाद सुखदीप सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी लाया गया। डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक इलाज करने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिवार के अनुसार युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।

भाई ने बताई हमले की पूरी कहानी
घायल सुखदीप सिंह के भाई ने बताया कि पहले भी उसके छोटे भाई पर हमले की कोशिश हो चुकी है। अब फिर से फायरिंग के कारण उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। उन्हें बताया गया है कि हमलावर काले रंग की गाड़ी में आए थे। उसने पुलिस प्रशासन से मांग की हैं कि इस मामले में दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उसका कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना बहुत जरूरी है। भाई ने कहा कि इस घटना के बाद परिवार डर और चिंता के माहौल में है और वे चाहते हैं कि पुलिस मामले की पूरी जांच करे और जिम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार करे।

गांव वाले बोले, इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बारे में गांव वासी कर्मा ने कहा कि फायरिंग की इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
गंभीरता से जांच चल रही है: थाना मुखी मलकीत सिंह
इस संबंध में थाना मुखी कबीरपुर मलकीत सिंह ने कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घायल युवक का बयान लिया जाएगा और जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के कारणों और काली गाड़ी के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मामले की असली तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here