Edited By Urmila,Updated: 25 Aug, 2023 11:38 AM

पंजाब में बाढ़ का कहर जारी है। जहां लोग अभी भी बाढ़ की मार झेल रहे हैं तो वहीं यह जानकारी सामने आई है।
पंजाब डेस्क: पंजाब में बाढ़ का कहर जारी है। जहां लोग अभी भी बाढ़ की मार झेल रहे हैं तो वहीं यह जानकारी सामने आई है कि पंजाब में अब तीसरी बार बाढ़ आने की संभावना है। बता दें कि जिला रोपड़ में सतलुज में पानी का स्तर फिर बढ़ने लगा है। दरअसल, पिछले 2 दिनों से हिमाचल में बारिश फिर तबाही मचा रही है जिसके चलते भाखड़ा बांध और तरनतारन में हरिक हेड से भी पानी छोड़ा जा रहा है जिसके चलते तरनतारन के साथ लगता सरहदी गांव पानी की चपेट में आ गया है।
वहीं लोगों को फिर से घर खाली करवाए जा रहे हैं। जल स्तर को देखते हुए गांव में एन.डी.आर.एफ. की टीमें पहुंच चुकी हैं। गांव में लोगों की सुरक्षा को लेकर हरसंभव प्रयास जारी है। वहीं फिरोजपुर के सरहदी गांवों में खतरा मंडरा रहा है। हरिके हेड में तकरीबन 1.72 लाख क्यूसेक पानी बताया जा रहा है। 1.49 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। तरनतारन के गांव मुठियांवाली पानी की चपेट में आ गया है। यह भी जानकारी मिली है कि तरनतारन में घडुंम में धुस्सी बांध पर दरार का काम 50 प्रतिशत मुकम्मल हो चुका है। प्रशासन की ओर से दरार भरने का काम लगातार जारी है। बाढ़ का जहां लोगों पर असर दिखाई दे रहा है वहीं पशुओं के लिए भी चारे का प्रबंध करना मुश्किल हो रहा है। बाढ़ प्रभावित लोगों ने मुख्यमंत्री से मदद की गुहार लगाई है।
जिक्रयोग्य है कि पिछले दिनों भाखड़ा में पानी का स्तर खतरे से 8 फीट नीचे हो गया था परंतु अब यह दोबारा से 1680 फीट हो गया है जोकि खतरे के निशान से सिर्फ 7 फीट कम रह गया है। भाखड़ा बांध के फ्लड गेटों को 4 फीट तक खोला हुआ है। फ्लड गेटों के माध्यम से 15358 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है और टरबाइनों के जरिए 41143 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बताया जा रहा है कि भाखड़ा डैम में आज का जलस्तर 1673.91 फीट पर है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here