Edited By Urmila,Updated: 31 Jul, 2026 04:25 PM

शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर जहां देशभर में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए, वहीं जालंधर के एक युवा ने अनोखे अंदाज में उन्हें श्रद्धांजलि देकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
जालंधर (सोनू) : शहीद ऊधम सिंह के शहीदी दिवस पर जहां देशभर में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए, वहीं जालंधर के एक युवा ने अनोखे अंदाज में उन्हें श्रद्धांजलि देकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। होशियारपुर फाटक के पास रहने वाले वरुण टंडन ने अमृतसर के जालियांवाला बाग से लाई गई मिट्टी से शहीद ऊधम सिंह का पोर्ट्रेट तैयार किया। वरुण ने बताया कि शहीद ऊधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद इसी मिट्टी की सौगंध लेकर अंग्रेजों से बदला लेने का संकल्प लिया था। इसी भावना को सम्मान देते हुए उन्होंने उसी पवित्र मिट्टी से यह विशेष कलाकृति तैयार की। इस पोर्ट्रेट को बनाने में उन्हें करीब 6 घंटे का समय लगा।
वरुण ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने शहीदों को इस तरह श्रद्धांजलि दी हो। इससे पहले भी वह 18 फीट लंबा पोर्ट्रेट, दीयों की रोशनी से बनी कलाकृति और माचिस की तीलियों से शहीदों के चित्र तैयार कर चुके हैं। उनका मानना है कि जिस तरह एक जलती हुई तीली कुछ पल के लिए अंधेरे को रोशन करती है, उसी तरह शहीदों ने अपने प्राणों की आहुति देकर पूरे देश का भविष्य रोशन किया। उन्होंने बताया कि किसी भी शहीद का पोर्ट्रेट बनाने से पहले वह उनके जीवन, संघर्ष और देश के लिए दिए गए योगदान का अध्ययन करते हैं। इसके बाद उसी भावना के अनुरूप अपनी कला के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इस कार्य में उनका परिवार भी पूरा सहयोग करता है।

वरुण का कहना है कि भविष्य में वह शहीदों पर बनाई गई अपनी सभी कलाकृतियों की एक प्रदर्शनी आयोजित करना चाहते हैं, ताकि नई पीढ़ी देश के वीर सपूतों के बलिदान से प्रेरणा ले सके। यह अनोखी पहल अब सोशल मीडिया पर भी लोगों की सराहना बटोर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here