Edited By Vatika,Updated: 29 Sep, 2026 04:49 PM

बरनाला-बठिंडा नैशनल हाईवे पर गांव खुड्डी खुर्द नजदीक आज दोपहर करीब 12 बजे धार्मिक प्रचारक औ
बरनाला(विवेक सिंधवानी, रवि): बरनाला-बठिंडा नैशनल हाईवे पर गांव खुड्डी खुर्द नजदीक आज दोपहर करीब 12 बजे धार्मिक प्रचारक और परमेश्वर द्वार के मुख्य प्रबंधक रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। हादसे में रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले सहित काफिले में सवार अन्य लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं और बड़ा जानी नुकसान होने से बचाव रहा। मिली जानकारी के अनुसार रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले अपने साथियों सहित बरनाला से बठिंडा की ओर जा रहे थे। जब काफिला गांव खुड्डी खुर्द के पास पहुंचा तो हाईवे के डिवाइडर के पास सफ़ाई का काम कर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से काफिले की गाड़ियों की टक्कर हो गई। काफिले में शामिल एक टेम्पो ट्रैवलर को इस हादसे के दौरान काफी नुकसान पहुंचा।
ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी होने को लेकर उठे सवाल
काफिले में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि हाईवे पर डिवाइडर के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी होने के कारण हादसे की स्थिति बनी। उनके अनुसार टेम्पो ट्रैवलर के चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई, जिस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। इस दौरान एक बस द्वारा कट मारने की बात भी सामने आई है। दूसरी ओर सड़क की सफ़ाई के लिए ट्रैक्टर चला रहे रेशम सिंह ने कहा कि उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी की हुई थी और पीछे से आ रही बस के कारण गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस मामले में विभिन्न पक्षों के बयान सामने आ रहे हैं।
रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले ने बताया अपना हाल
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मीडिया कर्मियों द्वारा रणजीत सिंह ढड्डरियां वाले से हाल-चाल पूछने पर उन्होंने खुद को ठीक बताया। इसके बाद उनका काफिला बठिंडा की ओर रवाना हो गया। मौके पर काफिले में शामिल जत्थेदारों ने भी ट्रैक्टर-ट्रॉली के सड़क पर खड़े होने को लेकर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की। घटना संबंधी परमेश्वर द्वार के किसी भी जत्थेदार ने मीडिया के सामने विस्तार से बोलने से इनकार कर दिया। घटना के समय सड़क सुरक्षा फोर्स के न पहुंचने की बात भी वहां मौजूद लोगों द्वारा कही गई।