Edited By Vatika,Updated: 13 Dec, 2019 05:22 PM
2 बच्चों के पिता ने बुधवार को घर में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
लुधियाना(ऋषि): 2 बच्चों के पिता ने बुधवार को घर में संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पास से 1 पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें उसने खुद को ही मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। एस.एच.ओ. एस.आई. रीचा शर्मा के अनुसार मृतक की पहचान लवली कुमार (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने पत्नी सुनीता के बयान पर धारा-174 की कार्रवाई की है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि वे मूल रूप से बटाला के रहने वाले है और श्याम नगर में 1 महीना पहले किराए के मकान में रहने आए थे। वह सी.एम.सी. अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती है, जबकि पति भी प्राइवेट नौकरी करता था। मंगलवार को वह अपने दोनों बेटों के साथ बहन के घर गई थी।
बुधवार सुबह 11 बजे घर वापस आई तो पति की तबीयत खराब थी जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतक के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें उसने खुद को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस द्वारा बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार 1 महीना पहले ही लवली की 14 वर्षीय बेटी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी जिसके बाद से वह मानसिक तौर पर परेशान रह रहा था और काफी मात्रा में शराब का सेवन कर रहा था।