Edited By Subhash Kapoor,Updated: 23 Oct, 2026 11:48 PM
जम्मू कश्मीर में वाहन चालकों के लिए नई एडवाइजरी जारी हुई है। यात्रियों और हल्के मोटर वाहन (LMV) चालकों को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन के समय यात्रा करने की सलाह दी गई है। रात में यात्रा करने से बचने को कहा गया है, क्योंकि पत्थर गिरने,...
जम्मू डैस्क : जम्मू कश्मीर में वाहन चालकों के लिए नई एडवाइजरी जारी हुई है। यात्रियों और हल्के मोटर वाहन (LMV) चालकों को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन के समय यात्रा करने की सलाह दी गई है। रात में यात्रा करने से बचने को कहा गया है, क्योंकि पत्थर गिरने, भूस्खलन, घाटी से खानाबदोश समूहों की आवाजाही और रामबन-बनिहाल के बीच चल रहे निर्माण कार्य के कारण यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिगडोल-खूनी नाला मार्ग पर NHAI द्वारा सड़क चौड़ी करने का काम किया जा रहा है। इसके मद्देनजर कश्मीर जाने वाले तेल और गैस टैंकरों की आवाजाही इस मार्ग पर दिन के समय सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी, क्योंकि ज्वलनशील पदार्थों से भरे टैंकरों को सुरंगों से गुजरने की अनुमति नहीं है। इसलिए कश्मीर की ओर जाने वाले टैंकरों को चेनानी से आगे जाने की अनुमति शाम 5 बजे के बाद से सुबह 5 बजे तक दी जाएगी।
जल्द खराब होने वाली वस्तुओं और जीवित पशुओं को ले जाने वाले मालवाहक वाहनों के चालकों को ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी के अनुसार ही वाहन लोड करने की सलाह दी गई है। रामबन-बनिहाल के बीच पत्थर गिरने, भूस्खलन और निर्माण कार्य के कारण परेशानी की आशंका है। भारी मोटर वाहन (HMV) चालकों और मालिकों को ओवरलोडिंग से बचने, पर्याप्त ईंधन रखने और यात्रा से पहले वाहन की फिटनेस की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है। यात्रियों को रामबन और बनिहाल के बीच अनावश्यक रूप से वाहन रोकने से बचने के लिए कहा गया है, खासकर उन स्थानों पर जहां भूस्खलन या पत्थर गिरने का खतरा है।
24 अक्टूबर के लिए ट्रैफिक प्लान और एडवाइजरी
1. जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44)
मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति बेहतर होने पर हल्के यात्री वाहन (LMV), यात्री वाहन, निजी कारों और भारी मालवाहक वाहनों को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। यानी वाहन जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू की ओर जा सकेंगे। वाहन चालकों को लेन अनुशासन का पालन करने की सलाह दी गई है। ओवरटेकिंग और गलत लेन में वाहन चलाने से जाम लग सकता है। ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट (TCU) जम्मू और श्रीनगर, TCU रामबन के साथ समन्वय करके सड़क की स्थिति की जानकारी लेगी।
सेना और सुरक्षा बलों के काफिलों की आवाजाही
मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर सुरक्षा बलों के वाहनों को भी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी। हालांकि, उनकी आवाजाही से पहले TCU रामबन से राजमार्ग की स्थिति की पुष्टि करना जरूरी होगा।
2. किश्तवाड़-सिंथन-अनंतनाग मार्ग (NH-244)
SDM छत्रू के आदेश संख्या SDM/C/2026-27/578-86, दिनांक 9 जुलाई 2026 और SDM कोकरनाग के आदेश संख्या SDM/KNG/2025-26/487-88, दिनांक 9 जुलाई 2026 के अनुसार, मौसम साफ रहने और सड़क की स्थिति अच्छी होने पर तथा सड़क रखरखाव एजेंसी NHIDCL से हरी झंडी मिलने के बाद हल्के यात्री वाहनों और निजी कारों को दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।
निर्धारित समय इस प्रकार है:
- पराना पुलिस पोस्ट से अनंतनाग की ओर: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक।
- दक्सुम से किश्तवाड़ की ओर: सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक।
निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। TCU जम्मू, रामबन और श्रीनगर संबंधित लोगों को कट-ऑफ समय की जानकारी देंगे।
3. श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी मार्ग (SSG रोड)
कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर के 14 मई 2026 के आदेश के अनुसार, मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने पर हल्के मोटर वाहनों को श्रीनगर से कारगिल और कारगिल से श्रीनगर की ओर दोनों दिशाओं में चलने की अनुमति होगी।
सड़क रखरखाव एजेंसियों से हरी झंडी मिलने के बाद:
- सोनमर्ग से कारगिल की ओर: हल्के वाहनों को दोपहर 1 बजे तक चलने की अनुमति होगी।
- मिनामार्ग से श्रीनगर की ओर: हल्के वाहनों को दोपहर 1 बजे तक चलने की अनुमति होगी।
- सोनमर्ग से कारगिल की ओर भारी वाहन: दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चल सकेंगे।
शाम 5 बजे के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
4. मुगल रोड (NH-701A)
जिला मजिस्ट्रेट शोपियां के 3 जुलाई 2026 के आदेश के अनुसार, मौसम और सड़क की स्थिति अनुकूल रहने तथा सड़क रखरखाव एजेंसी GREF से मंजूरी मिलने पर मुगल रोड पर दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही की अनुमति होगी। इस मार्ग पर पहले हल्के मोटर वाहन और उसके बाद अधिकतम 10 टायर तक वाले भारी वाहन चल सकेंगे।
निर्धारित समय इस प्रकार है:
- चंदिमरह (बफलियाज) से शोपियां की ओर: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक।
- हेरपोरा (शोपियां) से पुंछ की ओर: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक।
निर्धारित कट-ऑफ समय के बाद किसी भी वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। TCU जम्मू और TCU श्रीनगर संबंधित लोगों को समय की जानकारी देंगे।