जालंधर में सफाई कर्मियों की हड़ताल जारी,जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर

Edited By swetha,Updated: 27 Feb, 2020 09:04 AM

sweeper workers strike continues

मेयर ने रैगपिकर्स को दी कड़ी चेतावनी

जालंधर(खुराना): शहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लगातार तीसरे दिन भी जारी रही, जिस दौरान कुछ सड़कों को छोड़ कर शहर की ज्यादातर सड़कों की सफाई नहीं हुई, जिस कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे देखे गए। कुछ डम्प स्थानों से कुछ ट्रक कूड़ा उठाया गया परंतु बाकी जगह करीब 1000 टन से ज्यादा कूड़ा जमा पड़ा हुआ है।

वहीं दूसरी ओर हड़ताल के लम्बा खिंचने की आशंका पैदा हो रही है क्योंकि दोनों ही पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए दिख रहे हैं। पंजाब सफाई मजदूर यूनियन के अध्यक्ष चंदन ग्रेवाल के नेतृत्व में सैंकड़ों सफाई कर्मचारियों ने आज भी निगम मुख्यालय के सामने जोरदार रोष प्रदर्शन करके कांग्रेस सरकार, मेयर तथा विधायकों विरोधी नारे लगाए तथा इस दौरान विधायक बेरी के सैंट्रल टाऊन स्थित घर तक रोष मार्च निकाला। सैंट्रल टाऊन की गलियों से निकले रोष मार्च दौरान सफाई कर्मियों ने अर्थी उठाकर और विधायक बेरी का पुतला बनाकर नारेबाजी की और विधायक के घर के निकट उसे आग के हवाले किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की तक हुई परंतु हालात कंट्रोल में रहे। सैंट्रल टाऊन में हंगामा करने के बाद सभी हड़ताली कर्मचारी निगम लौट आए।

मेयर ने रैगपिकर्स को दी कड़ी चेतावनी
एक ओर जहां निगम यूनियनों ने हड़ताल कर रखी है वहीं इस हड़ताल में शहर के वे रैगपिकर्स भी शामिल हो रहे हैं जो घर-घर से कूड़ा उठाकर डम्प स्थानों तक पहुंचाते हैं। उनकी हड़ताल के कारण शहर के हजारों घरों से पिछले 3 दिनों से कूड़ा नहीं उठाया गया। गत दिवस निगम कमिश्नर दीपर्व लाकड़ा ने रैगपिकर्स के साथ एक बैठक करके उन्हें काम पर लौटने के लिए निर्देश दिए। 

 मेयर जगदीश राजा ने रैगपिकर्स को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने घर-घर से कूड़ा उठाने का काम शुरू न किया तो सभी पार्षदों को नए रैगपिकर्स भर्ती करने के निर्देश दे दिए जाएंगे जिसके बाद हड़ताल में शामिल रैगपिकर्स से रेहड़े व अन्य सामान वापस ले लिया जाएगा। मेयर ने तो यहां तक कहा कि सफाई यूनियनों से किसी स्तर पर तो समझौता हो सकता है परंतु यदि रैगपिकर्स ने हड़ताली कर्मियों का साथ दिया और काम पर न लौटे तो उन्हें निकाले जाने की सूरत में उन्हें कतई दोबारा काम पर नहीं रखा जाएगा। 

मेयर और पुलिस ने निगम का काम प्रभावित नहीं होने दिया
हड़ताल शुरू होने से पहले शहर के विधायकों व मेयर ने पुलिस कमिश्नर के साथ एक बैठक कर हड़ताली कर्मियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए थे परंतु हड़ताल के पहले 2 दिन जो पुलिस निगम परिसर में मौजूद रही उसने हड़ताली कर्मियों प्रति नरमी बरती। हड़ताल के कारण सफाई कर्मियों ने क्लैरिकल स्टाफ को भी काम करने से रोका। मेयर व पुलिस अधिकारियों ने सख्त स्टैंड लेकर निगम के काम को प्रभावित होने से रोका। हड़ताली कर्मियों ने आज भी विभिन्न विभागों में जाकर क्लैरिकल स्टाफ को काम करने से रोका जिसके चलते निगम में छुट्टी-सा माहौल दिखने लगा परंतु इसकी सूचना पाते ही मेयर जगदीश राजा ने तुरंत अपने कार्यालय आकर सभी ऑफिस खुलवाए और हर विभाग में जाकर खुद हाजिरी चैक की। गैर-हाजिर कर्मचारियों के नाम नोट कर लिए गए। इस दौरान डी.सी.पी. बलकार सिंह भी निगम में उपस्थित रहे। मेयर के स्टैंड के बाद निगम में कामकाज सामान्य दिनों की तरह चला।

160 कर्मचारी हर हाल में पक्के करवाएंगे 
इस बीच मेयर जगदीश राजा ने हड़ताल में भाग न लेने वाले कर्मचारियों तथा यूनियनों का जहां आभार जताया है वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मैनीफैस्टो पर कायम है कि ठेकेदारी प्रथा की बजाय सभी मुलाजिम पक्के तौर पर भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण फिलहाल ऐसा नहीं हो पा रहा जिस बाबत यूनियनों की डायरैक्टर से बैठक करवाई गई थी, जिसके बाद हड़ताल का औचित्य समझ नहीं आता। उन्होंने कहा कि आऊटसोर्स पर रखे 160 कर्मचारियों को हर हाल में पक्का करवाया जाएगा। उन्होंने शहर निवासियों से अपील की कि जब तक हड़ताल खत्म नहीं होती तब तक वह अपने घरों का कूड़ा खूद डम्प स्थानों तक छोड़ कर आएं।
कई यूनियनों ने आज भी करवाई सफाई

एक ओर जहां पंजाब सफाई मजदूर फैडरेशन के नेतृत्व वाली यूनियनों ने हड़ताल जारी रखने की घोषणा की है वहीं पवन बाबा के नेतृत्व वाली सीवरमैन इम्प्लाइज यूनियन तथा राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी संगठन ने निगम प्रशासन का साथ देते हुए शहर में कई स्थानों पर सड़कों को साफ करवाया तथा डम्प स्थानों से कूड़ा भी उठाया।  प्रधान रिम्पी कल्याण, हरिवंश सिद्धू, शाम लाल गिल, अशोक सभ्रवाल, अरुण कल्याण इत्यादि ने सफाई के काम में सहयोग दिया, जिस दौरान कई सुपरवाइजर भी ड्यूटी पर उपस्थित रहे। कमिश्रर दीपर्व लाकड़ा व मेयर जगदीश राजा के अलावा सीनियर डिप्टी मेयर सुरिन्द्र कौर, बंटी नीलकंठ, मनु बङ्क्षडग़, मनमोहन राजू, निर्मल सिंह निम्मा, गुरनाम सिंह मुल्तानी, ज्वाइंट कमिश्रर हरचरण सिंह व डी.सी.पी. बलकार सिंह ने शहर में हो रही सफाई की जांच की।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!