Edited By Kalash,Updated: 01 Oct, 2026 05:27 PM

बरनाला-बठिंडा मुख्य मार्ग पर स्थित ओवरब्रिज की मरम्मत का काम कर रहे एक मजदूर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
तपा मंडी (गर्ग,शाम): बरनाला-बठिंडा मुख्य मार्ग पर स्थित ओवरब्रिज की मरम्मत का काम कर रहे एक मजदूर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में मृतक के भाई वीर बहादुर पुत्र राजेश कुमार, निवासी छतूरी, बड़ीगढ़िया, गोविंदपुर, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि उसका भाई नीरज सिंह यहां ओवरब्रिज की मरम्मत का काम कर रहे ठेकेदार के पास मजदूरी करता था।
उसने बताया कि दोपहर के समय नीरज सिंह खाना खाने के लिए सड़क की दूसरी तरफ जा रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। नीरज सिंह अन्य मजदूरों से पहले काम पर पहुंच गया था। हादसे की सूचना मिलने पर उसके साथी मजदूर मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सिविल अस्पताल तपा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके भाई को टक्कर मारी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बरनाला भेज दिया गया है। पुलिस हादसे से संबंधित साक्ष्य जुटाकर फरार वाहन चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here