Edited By Urmila,Updated: 06 Sep, 2026 11:28 AM

बीती देर शाम मोगा से अमृतसर जा रही एक बस में महिलाओं द्वारा बस की सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद उस समय गंभीर रूप धारण कर गया।
मोगा (विपन) : बीती देर शाम मोगा से अमृतसर जा रही एक बस में महिलाओं द्वारा बस की सीट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद उस समय गंभीर रूप धारण कर गया, जब एक महिला के साथ कई महिलाओं द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि यह पूरा घटनाक्रम मोगा बस अड्डे से बस के रवाना होने के कुछ ही दूरी पर हुआ।
बस के परिचालक के अनुसार, बस के मोगा से अमृतसर के लिए रवाना होने के बाद उक्त महिला लगातार बहस कर रही थी। परिचालक का आरोप है कि महिला ने बस में सवार दो युवतियों के संबंध में भी कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसके बाद परिचालक ने महिला से बस से नीचे उतरने का अनुरोध किया, जिस पर मामला और बढ़ गया।
परिचालक के अनुसार, महिला ने कथित रूप से उसकी दाढ़ी खींचने का प्रयास किया और इसके बाद बस से नीचे उतरकर जाने लगी। इस दौरान बस में सवार कुछ यात्री भी नीचे उतर आए और उन्होंने महिला को रोक लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला से परिचालक से माफी मांगकर मामला समाप्त करने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि कुछ महिलाओं ने उक्त महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना के चलते काफी देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
मारपीट की शिकार महिला ने बताया अपना पक्ष
दूसरी ओर, मारपीट का शिकार हुई महिला ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उसने केवल बस में बैठने के लिए सीट मांगी थी। महिला का आरोप है कि सीट मांगने पर उसके साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। महिला ने दावा किया कि उसकी उंगलियों पर चोटें आई हैं और उसे बिना किसी गलती के बस से नीचे उतारकर कथित रूप से पीटा गया। महिला ने पूरी घटना को लेकर अपना पक्ष पुलिस के समक्ष भी रखा।
मामला बढ़ता देख मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस कर्मचारियों द्वारा मारपीट का शिकार हुई महिला को थाने ले जाया गया। वहीं, बस के परिचालक तथा कुछ यात्रियों को भी थाने बुलाया गया।
थाना प्रभारी भुल्लर ने दी घटना की जानकारी
इस संबंध में जब थाना प्रभारी भुल्लर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि शाम करीब छह बजे पुलिस को इस घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मौके पर एक महिला के साथ मारपीट की जा रही थी। पुलिस कर्मचारियों ने महिला को थाने पहुंचाया। इसके साथ ही बस के परिचालक तथा बस में सवार यात्रियों को भी थाने बुलाया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, थाने पहुंचने के बाद संबंधित महिला ने अपने रिश्तेदारों तथा अधिवक्ताओं को भी बुला लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी और समझौता करा दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि जिस पक्ष की जहां गलती थी, उसे उसकी गलती समझाई गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने पर मामले का निपटारा किया गया और बस को मोगा से अमृतसर के लिए रवाना कर दिया गया।
सीट को लेकर शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही समय में बहस और फिर मारपीट में बदल गया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद का निपटारा कर दिया गया। इस विवाद की कई लोगों ने वीडियो बनाई ओर सोशल मीडिया पर भी डाली।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here